Site icon Dainik Savera Times

मिचेल स्टार्क के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका, वसीम अकरम का बड़ा रिकॉर्ड करेंगे चकनाचूर

Mitchell Starc: एशेज टेस्ट सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क बेहतरीन लय में नज़र आ रहे हैं। पहले टेस्ट में उन्होंने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि क्रिकेट जगत में एक बार फिर अपने दमदार कौशल का लोहा मनवाया। मुकाबले की पहली पारी में स्टार्क ने 7 विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इस तरह वह मैच में कुल 10 विकेट लेने में सफल रहे और ऑस्ट्रेलिया को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया।

अब दूसरे टेस्ट मैच में स्टार्क के पास एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार अवसर होगा। यदि वह ब्रिस्बेन में होने वाले मुकाबले में मात्र तीन विकेट और ले लेते हैं, तो वह पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज़ वसीम अकरम को पछाड़कर टेस्ट इतिहास में सबसे सफल बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ बन जाएंगे। वर्तमान में स्टार्क के नाम 101 टेस्ट मैचों की 194 पारियों में 412 विकेट दर्ज हैं। वहीं अकरम ने अपने शानदार करियर में 414 विकेट चटकाए थे और वर्षों से यह रिकॉर्ड उनके नाम रहा है।

स्टार्क सिर्फ वसीम अकरम ही नहीं, बल्कि भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह के रिकॉर्ड के भी करीब हैं। हरभजन के नाम 417 टेस्ट विकेट हैं, और स्टार्क यदि ब्रिस्बेन टेस्ट में छह विकेट लेते हैं तो वह “टॉप टेस्ट विकेट-टेकर” की सूची में हरभजन को भी पीछे छोड़ देंगे।

दूसरी ओर, टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज़ों की सूची में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन 800 विकेट के साथ सबसे ऊपर हैं। उनके बाद शेन वॉर्न और जेम्स एंडरसन का स्थान आता है।

पहले एशेज टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड ने शुरुआत बढ़त के साथ की थी। उन्होंने पहली पारी में 172 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया 132 पर सिमट गई। इसके बावजूद दूसरी पारी में इंग्लैंड बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाया और 164 रन पर ढेर हो गया। 205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड के शानदार 123 रनों की बदौलत सिर्फ दो विकेट खोकर जीत हासिल की।

Exit mobile version