Dainik Savera Times

‘भारत नहीं पहुंचेगा’, टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने पर ट्रोल हुआ पाकिस्तानी क्रिकेटर 

Mohammad Amir trolled social media

खेल डेस्क: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं पाकिस्तान की टीम सुपर-8 दौर से ही बाहर हो गई। भारत से हार और टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ी लगातार भारतीय टीम पर बयानबाज़ी कर रहे हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बार फिर टीम इंडिया को लेकर बड़ा बयान दिया है।

पहले की थी भविष्यवाणी, अब बदलनी पड़ी बात
टूर्नामेंट के दौरान आमिर ने कहा था कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि भले ही पाकिस्तान बाहर हो जाए, लेकिन भारत को क्वालिफाई नहीं करना चाहिए। लेकिन हुआ इसका उल्टा। भारत ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर आमिर की काफी आलोचना हुई।

संजू सैमसन की तारीफ, लेकिन टीम पर सवाल
भारत और वेस्टइंडीज के मैच के बाद आमिर ने भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सैमसन ने अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेली। सैमसन ने 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए। उस समय मैच में काफी दबाव था और स्टेडियम में लगभग 65 हजार दर्शक मौजूद थे। आमिर ने माना कि यह पारी “करो या मरो” मुकाबले में बेहद खास थी।

फिर भी भारत की कमियां गिनाईं
हालांकि तारीफ के साथ-साथ आमिर ने भारतीय टीम की कमजोरियां भी गिनाईं। उनका कहना है कि एक अच्छी पारी से टीम की सारी कमियां नहीं छिपतीं। उन्होंने कहा कि भारत की फील्डिंग अच्छी नहीं रही, कई कैच छोड़े गए। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें तो बाकी गेंदबाजों की पिटाई हो रही है। टीम एक ही गेंदबाज पर ज्यादा निर्भर नजर आ रही है।

अब सेमीफाइनल में असली परीक्षा
अब भारतीय टीम 5 मार्च को मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेगी। इस मुकाबले में टीम के प्रदर्शन से साफ हो जाएगा कि आमिर की बातों में कितना दम है। फिलहाल भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जबकि पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर होकर आलोचनाओं का सामना कर रही है।

Exit mobile version