Site icon Dainik Savera Times

41 साल की उम्र में चमके मोहम्मद नबी, ICC टूर्नामेंट में बनाया अनोखा रिकॉर्ड

Mohammad Nabi

Mohammad Nabi

Mohammad Nabi: मोहम्मद नबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा के खिलाफ मुकाबले में यादगार प्रदर्शन करते हुए इतिहास अपने नाम कर लिया। बता दें कि अनुभवी अफगान ऑलराउंडर ने चार ओवर की अपनी पूरी स्पेल में केवल 7 रन दिए और चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनकी सधी हुई और धारदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने कनाडा को 118 रन पर रोक दिया और मुकाबला 82 रन से जीत लिया।

सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में दर्ज किया नाम

41 साल 49 दिन की उम्र में नबी आईसीसी वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चार विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया। खास बात यह रही कि यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा।

राशिद खान को पीछे छोड़ा

इस शानदार प्रदर्शन के साथ नबी अफगानिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अपने कप्तान राशिद खान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 9 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस सूची में उनसे आगे फजलहक फारूकी और मुजीब उर रहमान हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप में पांच-पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।

इब्राहिम जादरान की धमाकेदार पारी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने शानदार 95 रन बनाए। उन्होंने 56 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 5 छक्के जड़े।

ये भी पढ़ें : 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी। नतीजतन, अफगानिस्तान ने यह मुकाबला 82 रन से अपने नाम किया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए इब्राहिम जादरान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Exit mobile version