खेल डेस्क: अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज हसन ईसाखिल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उज्बेकिस्तान और अफगानिस्तान इलेवन के बीच खेले गए एकमात्र टी20 मुकाबले में 19 वर्षीय हसन ने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 34 गेंदों पर 120 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 16 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। हसन ईसाखिल अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी के बेटे हैं।
खोस्त के रहमत वली मसरूर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हसन शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए। उनकी पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने अपने 120 में से 112 रन सिर्फ चौकों और छक्कों की मदद से बनाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर अफगानिस्तान इलेवन ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 323 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 323 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्बेकिस्तान की टीम अफगान गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर केवल 124 रन ही बना सकी और उसे 199 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
पहले विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी
हसन ईसाखिल ने कप्तान इमरान मीर के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 60 गेंदों में 181 रन की शानदार साझेदारी की। इमरान मीर ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 74 रन बनाए। उनकी पारी में 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। इसके अलावा फैसल शिनोजोदा ने 31, नूर उल रहमान ने 29, केरामतुल्लाह ने 21 और इस्मत आलम ने नाबाद 16 रन का योगदान दिया। उज्बेकिस्तान की ओर से मेराजुद्दीन और अमानुल्लाह ने दो-दो विकेट हासिल किए।

मोहम्मद नबी के बेटे हैं हसन ईसाखिल
हसन ईसाखिल अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बेटे हैं। 19 वर्षीय हसन घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें अफगानिस्तान के भविष्य के बड़े सितारों में गिना जा रहा है। अब तक हसन 4 फर्स्ट क्लास, 14 लिस्ट-ए और 38 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 47.14 की औसत से 330 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 586 रन दर्ज हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। टी20 क्रिकेट में हसन 38 मैचों में 1022 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं।
जल्द कर सकते हैं इंटरनेशनल डेब्यू
हसन ईसाखिल अभी तक अफगानिस्तान की सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं, लेकिन वे अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उम्मीद की जा रही है कि उन्हें जल्द ही राष्ट्रीय टीम में मौका मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो क्रिकेट प्रेमियों को पिता-पुत्र की जोड़ी एक साथ अफगानिस्तान के लिए खेलते देखने का मौका मिल सकता है। 41 वर्षीय मोहम्मद नबी अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए 333 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6,273 रन बनाए हैं और 294 विकेट भी अपने नाम किए हैं।