Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोहम्मद शमी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी एक करोड़ की फिरौती, भाई ने दर्ज करवाई FIR

May 5, 2025

मोहम्मद शमी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी एक करोड़ की फिरौती, भाई ने दर्ज करवाई FIR

Mohammed Shami received death threat: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी मेल के जरिए मिली है। इस मामले में मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने अमरोहा पुलिस को एफआईआर के लिए तहरीर दी है। अमरोहा एसपी के आदेश पर अमरोहा साइबर सेल में घटना की एफआईआर दर्ज कर ली है। क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब ने अमरोहा के पुलिस अधीक्षक को बताया कि मोहम्मद शमी के मेल पर रविवार को राजपूत सिंधर नाम की मेल आईडी से एक मेल आया। इस मेल में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। मेल में लिखा गया है- तुझे हम जान से मार देंगे। सरकार हमारा कुछ नहीं कर पाएगी। इस दौरान आरोपी की तरफ से एक करोड़ रुपए की मांग की गई है।

मोहम्मद शमी के भाई हसीब का कहना है कि इस मेल की बाबत पुलिस में शिकायत की गई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को भी ईमेल के जरिए मारने की धमकी मिली थी।

शिकायत के बाद अमरोहा क्राइम ब्रांच मामले की छानबीन में जुट चुकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बारे में जल्द ही पता लगाया जाएगा. फिलहाल, क्राइम ब्रांच और अमरोहा पुलिस एक्टिव हो गई है और तकनीकी एक्सपर्ट से भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा, पुलिस लोकेशन ट्रेस जैसी कार्रवाई शुरु कर दी है।

मोहम्मद शमी ने भारतीय टीम में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान वापसी की। वह वनडे विश्व कप 2023 के बाद सर्जरी के कारण लंबे समय तक बाहर रहे थे। चैंपियंस ट्रॉफई में वह संयुक्त रूप से भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने पांच मैचों में 9 विकेट लिए। आईपीएळ 2025 मेगा नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और नौ मैचों में सिर्फ पांच विकेट ले सके हैं। बता दें कि क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने आईपीएल में 119 मैचों में 133 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा उन्होंने 108 वनडे मैचों में 206 विकेट चटकाए हैं। शमी टेस्ट में भी कमाल के आंकड़े रखते हैं। उनके नाम 64 टेस्ट मैच में 229 विकेट हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें