Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

WPL 2025: ट्रॉफी जीतने वाली टीम पर होगी पैसों की बारिश, जानें कितनी मिलेगी प्राइज मनी

March 15, 2025

WPL 2025: ट्रॉफी जीतने वाली टीम पर होगी पैसों की बारिश, जानें कितनी मिलेगी प्राइज मनी

खेल डेस्क: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। इस सीजन का आखिरी मुकाबला शनिवार यानि आज 15 मार्च को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें शाम 8 बजे मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार फाइनल मैच खेलेगी जबकि मुंबई की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। फाइनल मैच जीतने वाली टीम पर आज करोड़ों रुपयों की बारिश होगी जबकि हारने वाली टीम भी मालामाल होगी।

कितनी मिलेगी प्राइज मनी

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने महिला प्रीमियर लीग 2025 के लिए प्राइज मनी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार भी प्राइज मनी पिछले सीजन के बराबर ही दी जाएगी। 2024 में स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खिताब अपने नाम किया था और आरसीबी को 6 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली थी। दिल्ली कैपिट्लस उपविजेता रही, जिसे 3 करोड़ रुपए मिले थे।

ऑरेंज कैप-पर्पल कैप विनर को मिलेंगे इतने रुपए

आईपीएल की तर्ज पर महिला प्रीमियर लीग में भी खिलाड़ियों को ऑरेंज कैप और पर्पल कैप दी जाती हैं। ऑरेंज कैप सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी को मिलती है जबकि पर्पल कैप सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी को दी जाती है। ऑरेंज कैप के रेस में अभी नैट साइवर-ब्रंट सबसे आगे हैं। वहीं, हैली मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। ऑरेंज कैप वाले खिलाड़ी को 5 लाख रुपए जबकि पर्पल कैप जीतने वाले खिलाड़ी को 5 लाख की प्राइज मनी दी जाती है।

दिल्ली कैपिटल्स की नजरें अपने पहले खिताब पर

मेग लैनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने हर बार की तरह फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है। इस बार दिल्ली कैपिटल्स की नजरें अपने पहले खिताब पर हैं। टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो मैच खेले हैं और दोनों मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियस की टीम, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाना चाहती है। अब देखना होगा कौन सी टीम आज के मुकाबले में अच्छा खेल का प्रदर्शन करती है और महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 का खिताब जीतती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस : यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हेले मैथ्यूज, नैट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), सजीवन सजना, अमेलिया केर, अमनजोत कौर, जी कमलिनी, संस्कृति गुप्ता, शबनीम इस्माइल, सैका इशाक।

दिल्ली कैपिटल्स : मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेस जोनासेन, जेमिमाह रोड्रिग्स, एनाबेल सदरलैंड, मारिजेन कप्प, सारा ब्राइस (विकेटकीपर), निकी प्रसाद, मिन्नू मणि, शिखा पांडे, तितास साधु।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें