मुंबई : रोहित शर्मा ने खुलासा किया है कि आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रैंचाइजी ने उनसे कप्तानी संभालने के लिए संपर्क किया था और काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने 5 बार की चैंपियन टीम को जरूरी दिशा देने की जिम्मेदारी स्वीकार की। मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीता था। तब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 5वीं बार यह ट्रॉफी अपने नाम की थी।
रोहित ने मुंबई इंडियंस की ओर से जारी एक वीडियो में कहा, शुरुआत में मेरा ईमानदारी से यही विचार था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे इस बारे में दोबारा सोचने की जरूरत थी क्योंकि पिछले कुछ समय में काफी कुछ हुआ था। उन्होंने कहा, मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को कप्तान के रूप में मेरी जरूरत है लेकिन इस समय टीम को एक दिशा की जरूरत है। अगर वह दिशा मैं दे सकता हूं तो मुझे टीम को आगे ले जाने में खुशी होगी। मैं घर गया और इस बारे में सोचा।
मैंने समझने की कोशिश की कि मैं क्या कर सकता हूं और क्या नहीं। क्या मैं दोबारा इस टीम की कप्तानी कर सकता हूं या नहीं। मैंने इन सभी पहलुओं पर विचार किया। रोहित ने कहा, कई चीजों पर सोचने के बाद मुझे अहसास हुआ कि यह वही टीम है, जिसे मैंने बनाया है। आपने 10 साल तक इसकी कप्तानी की है। मुझे लगा कि अब इस चुनौती को दोबारा स्वीकार करने का समय आ गया है।