पेरिस: रिकॉर्ड 14 बार के फ्रेंच ओपन चैम्पियन रफेल नडाल तैयारी के लिये रोलां गैरो लौटे हैं हालांकि उनके फॉर्म और फिटनेस को लेकर संशय की स्थिति है। 37 वर्ष के नडाल अपने कोच कार्लोस मोया और दो अभ्यास जोड़ीदारों के साथ यहां पहुंचे । फ्रेंच ओपन के मुख्य स्टेडियम पर अभ्यास देखने के लिये करीब 6000 दर्शक मौजूद थे ।
करीब डेढ घंटे तक चले अभ्यास सत्र के बाद नडाल ने प्रशंसकों को आटोग्राफ दिये और लॉकर रूम में चले गए । फ्रेंच ओपन रविवार से शुरू हो रहा है । नडाल कूल्हे की चोट के कारण 2023 में लगभग पूरे सत्र से बाहर रहे । वह हाल ही में इटालियन ओपन के दूसरे दौर में हुबर्ट हुरकाज से हार गए थे । अभी उन्होंने बताया नहीं है कि वह फ्रेंच ओपन खेलेंगे या नहीं। पिछले साल भी वह कूल्हे की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर थे ।

