Nathan Lyon : ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन का अभी संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। 37 वर्षीय लियोन ने अपने करियर के अंत से पहले एक और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खिताब जीतने की इच्छा जताई है, साथ ही इंग्लैंड और भारत में सीरीज जीतने की भी इच्छा जताई है। 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीता था। इसमें लियोन ने अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद नाथन लियोन पिछले महीने लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ WTC फाइनल का हिस्सा थे, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा था।
2011 में किया था डेब्यू-
नाथन लियोन ने 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की शानदार जीत में लियोन ने तीन विकेट लिए थे।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतना लक्ष्य-
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने नाथन लियोन के हवाले से कहा, ‘मैंने हमेशा कहा है कि मैं भारत में जीतना चाहता हूं। मैं इंग्लैंड में जीतना चाहता हूं। हमें कुछ सालों में वह मौका मिलेगा, लेकिन हमें टेस्ट-दर-टेस्ट खेलना होगा। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम वेस्टइंडीज में सब कुछ सही करें। फिर हमारे सामने एशेज सीरीज है। लेकिन एक और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल निश्चित रूप से मेरा लक्ष्य होगा।’
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में सिर्फ वार्न और ग्लेन मैक्ग्रा आगे-
नाथन लियोन के नाम फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में 556 विकेट हैं। वह सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ऊपर शेन वॉर्न (708) और पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं। ऑस्ट्रेलिया को जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट खेलने हैं। ऑस्ट्रेलिया को इस साल के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ भी मैच खेलने हैं। ऐसे में संभावना है कि नाथन लियोन जल्द ही ग्लेन मैक्ग्रा से आगे निकल जाएंगे। हालांकि शेन वॉर्न के टेस्ट विकेट रिकॉर्ड के करीब पहुंचना बड़ी चुनौती है।
शेन वॉर्न को बताया महान खिलाड़ी-
उन्होंने कहा, ‘वॉर्न अभी काफी दूर हैं। मेरी नजर में वह क्रिकेट खेलने वाले अब तक के सबसे महान खिलाड़ी हैं। मैं इस समय एक बहुत ही खास क्रिकेट टीम का हिस्सा होने के लिए भाग्यशाली हूं। हम एक महान क्रिकेट टीम बनने की राह पर हैं। इस गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा बनना और अपनी भूमिका निभाना खास है। इसलिए मैं खेलता रहता हूं।’

