पणजी: देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता का इजहार करते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि खेल की दुनिया में भारत की हालिया सफलता हर युवा खिलाड़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है और राष्ट्रीय खेल भारत की इसी असाधारण खेल शक्ति का जश्न हैं। मडगांव स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन के अवसर पर श्री मोदी ने कहा “ आज भारत का संकल्प और प्रयास दोनों इतने विशाल हैं, तो आकांक्षाएं ऊंची होना स्वाभाविक है। इसीलिए आईओसी सत्र के दौरान मैंने 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षा को सामने रखा। मैंने ओलंपिक की सर्वोच्च समिति को आश्वासन दिया कि भारत 2030 में युवा ओलंपिक और 2036 में ओलंपिक आयोजित करने के लिए तैयार है।
ओलंपिक आयोजित करने की हमारी आकांक्षा सिर्फ भावनाओं तक सीमित नहीं है। बल्कि इसके पीछे कुछ ठोस कारण हैं। 2036 में भारत की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचा आसानी से ओलंपिक की मेजबानी करने की स्थिति में होगा।” प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल एक भारत, श्रेष्ठ भारत का भी प्रतीक हैं। यह भारत के प्रत्येक राज्य के लिए अपनी क्षमता दिखाने का एक बड़ा माध्यम है। राष्ट्रीय खेल आज से शुरु होकर नौ नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे और इसमें देश भर से 10 हजार से अधिक एथलीट भाग लेंगे, जो 28 स्थानों पर 43 से अधिक खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उन्होने कहा “ भारत के हर कोने में प्रतिभा मौजूद है। इसलिए, 2014 के बाद, हमने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता जताई।

