
कोयंबटूर: भारत में कार्टिंग के दीवानों के लिए एक बेहतरीन अवसर, क्योंकि नेशनल कार्टिंग चैंपियनशिप 2025 की शुरुआत 12 जुलाई से होने जा रही है। इस साल की प्रतियोगिता में 10 टीमों के कुल 74 युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी चार प्रमुख श्रेणियों – सीनियर मैक्स, जूनियर मैक्स, मिनी मैक्स और माइक्रो मैक्स में भाग लेंगे।
-आधिकारिक आयोजन और ग्रैंड फिनाले
यह चैंपियनशिप 6 राउंड्स में खेली जाएगी, जो 12 जुलाई से शुरू होकर 8-9 नवम्बर को ग्रैंड फिनाले तक पहुंचेगी। हर श्रेणी के राष्ट्रीय विजेता बहरीन में होने वाले रोटैक्स मैक्स चैलेंज ग्रैंड फाइनल (29 नवम्बर से 6 दिसम्बर) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो कि भारतीय कार्टिंग खिलाड़ियों के लिए एक बडी उपलब्धि होगी।
-नए सीनियर और जूनियर सितारे
इस साल सीनियर मैक्स श्रेणी में बेंगलुरु के रिशोन राजीव (बिरेल आर्ट इंडिया) और रोहान मदेश व ईशान मदेश (पेरेग्रीन रेसिंग) के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। इन तीनों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
जूनियर मैक्स में पिछले साल के चैंपियन अराफात शेख (क्रेस्ट मोटरस्पोर्ट्स) और ईशांत वेंगटेसन (एमस्पोर्ट) जैसे अनुभवी रेसर्स के साथ-साथ कई नए चेहरे भी उतर रहे हैं, जो दर्शकों के लिए खासे दिलचस्प होंगे।
-मिनी मैक्स और माइक्रो मैक्स के बीच बदलते समीकरण
मिनी मैक्स श्रेणी में प्रतिस्पर्धा और भी अधिक कड़ी होती जा रही है, क्योंकि कई युवा रेसर्स जो माइक्रो मैक्स से ऊपर बढ़ चुके हैं, अब इस श्रेणी में अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार हैं। रिवान देव प्रीतम (एमस्पोर्ट, चेन्नई), हमजा बालासिनोरवाला (क्रेस्ट मोटरस्पोर्ट्स, मुंबई), और रेहान खान रशीद (एमस्पोर्ट, चेन्नई) जैसे दिग्गज पिछले साल माइक्रो मैक्स में शानदार प्रदर्शन कर चुके थे, और अब मिनी मैक्स में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं।
-माइक्रो मैक्स श्रेणी में नए चेहरे
अब जब शीर्ष पांच मिनी मैक्स में चले गए हैं, तो माइक्रो मैक्स के लिए एक नई लहर शुरू होने वाली है। शिव तुम्माला (पेरेग्रीन रेसिंग, बेंगलुरु) और आरव सुरेखा (रेयो रेसिंग, मुंबई) जैसे उभरते सितारे इस श्रेणी में टॉप स्पॉट की ओर अग्रसर होंगे।
-रविवार के फाइनल मुकाबले का होगा रोमांच
प्रतियोगिता का प्रारंभ शनिवार को आधिकारिक अभ्यास, क्वालीफाइंग राउंड और हीट राउंड्स के साथ होगा। वहीं, रविवार को प्री-फाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे, जो पूरे आयोजन का चरम बिंदु साबित होंगे। यह आयोजन न सिर्फ कार्टिंग प्रेमियों के लिए, बल्कि रेसिंग के शौकिनों के लिए भी एक बेहतरीन अनुभव साबित होगा।
इस बार की नेशनल कार्टिंग चैंपियनशिप सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारत में मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक बडी मील का पत्थर साबित हो सकती है।
-युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए एक अवसर है, बल्कि भारतीय कार्टिंग के भविष्य के लिए भी एक मजबूत नींव रखेगा। अगर आप भी रेसिंग के शौकिन हैं, तो यह सप्ताहांत आपके लिए कुछ खास हो सकता है।
रविवार का इंतजार करें, क्योंकि तब होंगे फाइनल मुकाबले!