National Weightlifting Championship 2026: भारतीय वेटलिफ्टिंग की स्टार खिलाड़ी मीराबाई चानू ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनका नाम क्यों देश की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में गिना जाता है। उत्तर प्रदेश के मोदीनगर में आयोजित नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में मीराबाई ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
48 किलोग्राम वर्ग में ऐतिहासिक प्रदर्शन
48 किग्रा वर्ग में उतरते ही मीराबाई का आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। स्नैच में उन्होंने 89 किलोग्राम वजन उठाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 116 किलोग्राम भार उठाकर दूसरा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इन दोनों लिफ्ट्स को मिलाकर उनका कुल स्कोर 205 किलोग्राम रहा, जो इस कैटेगरी में अब तक का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय प्रदर्शन है। इस तरह स्नैच, क्लीन एंड जर्क और टोटल तीनों में नए रिकॉर्ड दर्ज हुए।
अपने ही पुराने स्तर को किया पार
यह प्रदर्शन मीराबाई के हालिया अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों से भी बेहतर रहा। 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने 199 किलोग्राम के कुल वजन के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जबकि इस बार उनका कुल स्कोर 205 किलोग्राम रहा। हालांकि स्नैच में 91 किलोग्राम की कोशिश वह पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन इससे उनके दबदबे पर कोई असर नहीं पड़ा।
मैच के बाद क्या बोलीं चानू
स्वर्ण पदक जीतने के बाद मीराबाई ने कहा कि 48 किग्रा वर्ग में इस तरह का प्रदर्शन करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि पहले वह 49 किग्रा कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करती थीं और नई कैटेगरी में ढलना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद रिकॉर्ड बनना उनके बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका अगला लक्ष्य स्नैच में 90 किलोग्राम से अधिक वजन उठाना है।
ये भी देखें : बंद पर्यटन स्थल खोलने की मांग, अमित शाह तक पहुंचेगा मुद्दा
अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन
इस भार वर्ग में अखिल भारतीय पुलिस की राधा सोनी ने 183 किलोग्राम के कुल वजन के साथ रजत पदक जीता, जबकि कोमल कोहर ने कांस्य पदक हासिल किया।
ओलिंपिक सिल्वर से नई उड़ान
मीराबाई चानू टोक्यो ओलिंपिक में भारत के लिए रजत पदक जीत चुकी हैं। 2024 ओलिंपिक में वह चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गई थीं। इसके बाद 49 किग्रा वर्ग से हटकर 48 किग्रा में स्विच करना पड़ा। अब इस नई कैटेगरी में उनका रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन संकेत देता है कि मीराबाई आने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत के लिए एक बार फिर मजबूत चुनौती पेश करेंगी।

