Nations League 2025: म्यूनिख: फुटबॉल प्रेमियों के लिए म्यूनिख की रात ऐतिहासिक बन गई जब दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो के निर्णायक गोल ने पुर्तगाल को यूईएफए नेशंस लीग के फाइनल में पहुंचा दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में पुर्तगाल ने मेजबान जर्मनी को 2-1 से हराकर न केवल फाइनल में जगह बनाई, बल्कि जर्मनी के सपनों को भी तोड़ दिया।
-देरी से शुरू हुआ मुकाबला
बारिश के कारण मुकाबला लगभग 10 मिनट देरी से शुरू हुआ, लेकिन शुरुआती दबदबा जर्मनी ने बनाया। लियोन गोरेट्जका और डेब्यू कर रहे निक वोल्टमेड ने तेज शुरुआत के संकेत दिए। हालांकि, पुर्तगाल की रफ्तार और रणनीति ने जल्द ही मुकाबले की दिशा बदल दी।
-दोनों टीमों के बीच दिखी कांटे की टक्कर
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन दूसरा हाफ असली ड्रामा लेकर आया। 48वें मिनट में फ्लोरियन विट्र्ज ने शानदार गोल कर जर्मनी को 1-0 की बढ़त दिलाई और स्टेडियम में उत्साह की लहर दौड़ गई। लेकिन पुर्तगाल ने हार नहीं मानी। कोच रॉबर्टो मार्टिनेज के रणनीतिक बदलाव का असर जल्द ही दिखा। फ्रांसिस्को कॉन्सेइकाओ ने मैदान पर कदम रखते ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए 63वें मिनट में शानदार गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।
-रोनाल्डो ने किया शानदार गोल
इसके बाद, 75वें मिनट में वह लम्हा आया जिसका इंतजार पूरी दुनिया को था। ब्रूनो फर्नांडीस और नूनो मेंडेस के बीच एक बेहतरीन वन-टू पासिंग मूव से जर्मन डिफेंस टूटी और मेंडेस के लो क्रॉस को रोनाल्डो ने फिनिश कर गोल में तब्दील कर दिया। इसी के साथ, 40 साल और 119 दिन की उम्र में उन्होंने जर्मनी के खिलाफ गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
हार के बाद जर्मन कोच जूलियन नेगल्समैन ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा, “हमने पूरे आत्मविश्वास के साथ अटैक नहीं किया। पुर्तगाल जैसी टीम के खिलाफ धीमे बदलाव भारी पड़ते हैं। हमें इससे सबक लेना होगा।”
वहीं पुर्तगाली कोच मार्टिनेज ने कहा,
“यह जीत हमारे लिए खास है। 25 साल में पहली बार हमने जर्मनी को हराया है, और वह भी तब जब हम पीछे चल रहे थे। यह टीम की मानसिक और तकनीकी ताकत को दिखाता है। अब पुर्तगाल फाइनल में ट्रॉफी के लिए उतरेगा, जबकि जर्मनी को तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ मुकाबले में उतरना होगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...