Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूजीलैंड ने रोमांचक टेस्ट में इंग्लैंड को एक रन से हराया

February 28, 2023

न्यूजीलैंड ने रोमांचक टेस्ट में इंग्लैंड को एक रन से हराया

न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट मैच के उतार-चढाव से भरे आखिरी दिन मंगलवार को यहां इंग्लैंड को एक रन से शिकस्त दी और फॉलोआन बाद जीत दर्ज करने वाली तीसरी टेस्ट टीम बनी।जीत के लिए 258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 256 रन पर आउट हो गयी। इससे दो मैचों की श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर छूटी।नील वेगनर ने दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए चार विकेट झटके। कप्तान टिम साउदी को तीन और मैट हेनरी को दो सफलता मिली।

रोमांच से भरे पांचवें दिन जो रूट ने 95 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान बेन स्टोक्स (33) के साथ पांचवें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को श्रृंखला में 2-0 की जीत दिलाने के करीब पहुंचा दिया था लेकिन वेगनर ने इन दोनों बल्लेबाजों को एक रन के अंदर चलता कर मैच में न्यूजीलैंड की वापसी करा दी।विकेटकीपर बेन फॉक्स ने इसके बाद 35 रन की पारी खेलकर टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया लेकिन जब जीत के लिए सात रन की जरूरत थी तब वह साउदी की गेंद पर आउट हो गये। आखिरी बल्लेबाज जेम्स एंडरसन ने चौका लगाकर रोमांच बढ़ाया लेकिन नील वेगनर की गेंद पर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल ने बायीं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपककर न्यूजीलैंड को यादगार जीत दिला दी।

टेस्ट मैच में रन के लिहाज से यह न्यूजीलैंड की सबसे कम अंतर वाली जीत है। इससे पहले इंग्लैंड और भारत की टीम ही फॉलोआन के टेस्ट मैच को जीतने में सफल रही है। इंग्लैंड ने यह कारनामा दो बार किया है जबकि भारत ने एक बार। फॉलोआन के बाद पिछली जीत 2001 में भारतीय टीम ने ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया को 171 रनों से हराकर दर्ज की थी।इस परिणाम ने इंग्लैंड की लगातार छह टेस्ट जीत के क्रम को भी समाप्त कर दिया। दो मैचों की यह श्रृंखला बराबरी पर खत्म हुई, जिससे न्यूजीलैंड 2017 के बाद से घरेलू श्रृंखला में अपनी पहली हार से बचने में सफल रहा। इंग्लैंड ने पहली पारी को नौ विकेट पर 435 रन पर घोषित की थी। टीम ने इसके बाद न्यूजीलैंड की पहली पारी को 209 रन पर समेटकर 226 रन की बढ़त हासिल की।

पूर्व कप्तान केन विलियमसन की 132 रन की पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने फॉलोआन मिलने के बाद दूसरी पारी में 483 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत के लिए 258 रन का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 48 रन से की लेकिन पहले घंटे में न्यूजीलैंड ने चार विकेट झटक लिया। इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 80 रन हो गया। इसके बाद रूट और स्टोक्स ने मोर्चा संभाला। रूट ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए 51 गेंद में अपना 57वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 113 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाये। बायें घुटने में चोट के साथ खेल रहे स्टोक्स ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए 116 गेंद में 33 रन बनाये।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें