Site icon Dainik Savera Times

Ind-NZ 5th T20: सीफर्ट-फिलिप्स की तूफानी पारी, न्यूजीलैंड ने पांचवें टी20 में भारत को 7 विकेट से हराया

खेल डेस्क। न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हराया। टीम इंडिया से मिले 192 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने आसानी से 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिन एलन महज 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद टिम सीफर्ट ने डेरिल मिचेल संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 73 रन जोड़े। मिचेल 16 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। सीफर्ट बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

सीफर्ट को इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले ग्लेन फिलिप्स के रूप में बढ़िया जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 86 रनों की साझेदारी निभाई। सीफर्ट अपने शतक से चूक गए और 50 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए।

वहीं, फिलिप्स ने इस सीरीज में अपनी चौथी फिफ्टी लगाई और वह 38 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद रहे। फिलिप्स ने बेवन जैकब्स (नाबाद 1 रन) के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को जीत दिलाई। भारत की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा (1 रन) और संजू सैमसन (4 रन) सस्ते में पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 93 रनों की आतिशी साझेदारी निभाई। ईशान 32 गेंदों में 5 चौके और पांच छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए। भारतीय कप्तान ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए।

तिलक वर्मा 6 रन ही बना सके, जबकि नमन धीर ने 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। नीतीश कुमार रेड्डी 17 गेंदों में 22 रन बनाकर एडम मिल्ने का शिकार बने। भुवनेश्वर कुमार ने 6 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में एडम मिल्ने ने 4 ओवर के स्पेल में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, नाथन स्मिथ और ब्लेक टिकनर ने दो-दो विकेट झटके। पांचवें टी20 में न्यूजीलैंड को मिली जीत के बावजूद, भारतीय टीम ने टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया।

Exit mobile version