Dainik Savera Times

New Zealand vs India, 4th T20I: फिलिप्स की शतकीय पारी, न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रनों से हराया

New Zealand beat India by 87 runs

ऑकलैंड। न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 87 रनों से हराया। ईडन पार्क के मैदान पर न्यूजीलैंड से मिले 260 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 172 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और संजू सैमसन सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अभिषेक शर्मा कुछ दमदार शॉट्स लगाने के बाद 15 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद मैथ्यू फिशर का शिकार बने। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 11 गेंदों में 4 चौके की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए।

अक्षर पटेल 9 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 10 गेंदों में 21 रनों का योगदान दिया। नमन धीर ने 215 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 13 गेंदों में 28 रन बनाए और वह जैकब डफी की गेंद पर नाथन स्मिथ को कैच देकर पवेलियन लौटे। अर्शदीप सिंह बिना खाता खोले आउट हुए।

तिलक वर्मा ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 35 रन बनाए, जबकि प्रिंस यादव 17 गेंदों में 18 और मयंक यादव 3 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में जैकब डफी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट निकाले। वहीं, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट झटके। मैथ्यू फिशर भी 2 विकेट निकालने में सफल रहे।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 259 रन लगाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम सीफर्ट महज 3 रन बनाकर मयंक यादव की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए फिन एलन और डेरिल मिचेल ने मिलकर 11 गेंदों में 29 रन जोड़े। मिचेल 9 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एलन 17 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।

हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 49 गेंदों में 107 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने सिर्फ 25 गेंदों का सामना करते हुए 65 रनों की दमदार पारी खेली।

भारत की ओर से गेंदबाजी में मयंक यादव ने 48 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रिंस यादव, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट चटकाया। पांच मैचों की टी20 सीरीज में यह न्यूजीलैंड की पहली जीत है। हालांकि, टीम इंडिया सीरीज में 3-1 की बढ़त पहले ही हासिल कर चुकी है।

Exit mobile version