Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूजीलैंड को लगा करारा झटका, वनडे सीरीज से बाहर हुए डेरिल मिचेल

November 18, 2025

न्यूजीलैंड को लगा करारा झटका, वनडे सीरीज से बाहर हुए डेरिल मिचेल

स्पोर्ट्स डेस्क : वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। पहले ही मुकाबले में शानदार शतक जड़कर टीम को जीत दिलाने वाले स्टार बल्लेबाज़ डेरिल मिचेल चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज़ हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल किया गया है, जिन्हें शुरुआती तौर पर केवल कवर प्लेयर के रूप में बुलाया गया था।

ग्रोइन इंजरी बनी परेशानी

पहले वनडे में दमदार प्रदर्शन के बाद मिचेल दूसरे मैच के लिए टीम के साथ नैपियर नहीं जा सके। क्राइस्टचर्च में उनकी ग्रोइन का स्कैन कराया गया, जिसमें हल्की चोट की पुष्टि हुई। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उन्हें लगभग दो हफ्ते आराम की जरूरत है। ऐसे में बता दें कि वे बचे हुए दोनों वनडे मैच नहीं खेल पाएंगे। हालांकि टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि 2 दिसंबर से शुरू होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

कोच रॉब वाल्टर ने जताई निराशा

बता दें कि न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने मिचेल की चोट को टीम के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी का बेहतरीन फॉर्म में होते हुए अचानक बाहर होना बेहद निराशाजनक होता है। इस समर सीजन में वनडे फॉर्मेट में मिचेल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और उनकी मौजूदगी टीम के लिए बड़ी मजबूती थी। वाल्टर ने यह भी कहा कि अच्छी बात यह है कि चोट गंभीर नहीं है और उम्मीद है कि टेस्ट मुकाबलों से पहले मिचेल फिट होकर मैदान में वापसी करेंगे। वहीं हेनरी निकोल्स पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि निकोल्स अनुभवी खिलाड़ी हैं और टीम को स्थिरता दे सकते हैं।

पहले वनडे में न्यूजीलैंड की रोमांचक जीत

क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 269 रन बनाए थे। डेरिल मिचेल ने शानदार शतक लगाते हुए टीम की पारी को संभाला। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 262 रन ही बना सकी और मैच सात रन से हार गई। मिचेल को उनकी धांसू पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें