Site icon Dainik Savera Times

New Zealand की मजबूत वापसी, England क्लीन स्वीप से 210 रन दूर

पूर्व कप्तान केन विलियम्सन (132) के शानदार शतक के बावजूद न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को इंग्लैंड के सामने 258 रन का लक्ष्य ही रख सका। इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने से पूर्व एक विकेट गंवाकर 48 रन बना लिये और वह दो मैचों की शृंखला क्लीन स्वीप करने से 210 रन दूर है।
विलियम्सन ने अपनी जुझारु पारी में 282 गेंद खेलकर 132 रन बनाये, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। इस पारी के साथ विलियम्सन न्यूजीलैंड के लिये टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये। फॉलो ऑन करते हुए न्यूजीलैंड को दिन की शुरुआत में इंग्लैंड की 24 रन की बढ़त समाप्त करनी थी।

पिछली रात के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स सिर्फ 29 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गये, हालांकि विलियम्सन ने पूरे दिन के दौरान डैरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल के साथ दो महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं। पांचवें विकेट के लिये 75 रन की साझेदारी में जहां विलियम्सन ने धैर्य का प्रदर्शन किया, वहीं मिचेल ने 54 गेंद पर पांच चौकों और एक छक्के के साथ 54 रन बनाये। मिचेल का विकेट गिरने के कुछ समय बाद विलियम्सन ने चौका जड़कर अपना 26वां टेस्ट शतक पूरा किया और ब्लंडेल के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। विलियम्सन-ब्लंडेल छठे विकेट के लिये 166 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड को विशाल बढ़त की ओर ले जा रहे थे लेकिन तीसरे सत्र में हैरी ब्रूक की गेंद पर विलियम्सन के आउट होने के बाद कीवी टीम के विकेटों की झड़ी लग गयी।

चौकस बेन फोक्स ने माइकल ब्रेसवेल (08) को रनआउट कर दिया, जबकि जैक लीच ने टिम साउदी (02) और मैट हेनरी (00) का विकेट निकाला। ब्लंडेल 166 गेंद पर नौ चौकों के साथ 90 रन बनाने के बाद न्यूजीलैंड के आखिरी विकेट के रुप में आउट हुए। सिर्फ 27 रन के अंतराल में पांच विकेट गंवाने के कारण न्यूजीलैंड 483 रन पर ऑलआउट हो गयी। इंग्लैंड के लिये लक्ष्य का पीछा करने उतरे ज़ैक क्रॉली और बेन डकेट ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। क्रॉली 30 गेंद पर पांच चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हो गये, जबकि डकेट (23) और ओली रॉबिनसन (01) क्रीज़ पर अविजित मौजूद हैं।

Exit mobile version