Site icon Dainik Savera Times

बुमराह से न्यूजीलैंड को रहना होगा सावधान, डब्ल्यूवी रमन बोले- हालात साथ रहे तो मचाएंगे तबाही

New Zealand will have to be wary of Bumrah says WV Raman

New Zealand will have to be wary of Bumrah says WV Raman

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर डब्ल्यूवी रमन का कहना है कि अगर गुरुवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में बेसिन रिजर्व की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार होती है, तो स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं।

बुमराह, जो बाएं घुटने की चोट के कारण श्रीलंका में 1-0 से सीरीज जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं थे, अब तक टेस्ट क्रिकेट में 19.79 की औसत से 234 विकेट ले चुके हैं। पुरुषों के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में उनका सबसे बेहतरीन औसत है। हालांकि, न्यूजीलैंड उनके लिए सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वी साबित हुआ है। उनके खिलाफ खेले गए पांच टेस्ट मैचों में बुमराह ने 45.44 की औसत से 9 विकेट लिए हैं। इसके बाद इंग्लैंड का नंबर आता है, जिसके खिलाफ उनका औसत 22.89 है।

न्यूजीलैंड इकलौता ऐसा टेस्ट खेलने वाला देश है, जहां बुमराह ने एक पारी में पांच विकेट (फाइव-विकेट हॉल) नहीं लिया है – वहां उन्होंने चार पारियों में कुल छह विकेट लिए हैं। डब्ल्यूवी रमन ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में कहा, “भारत के नजरिए से जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से अहम खिलाड़ी होंगे। उनके पास काफी अनुभव है और मुझे यकीन है कि वह मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। वह ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जिन पर लंबे ब्रेक का कोई असर पड़े, क्योंकि उनके पास अनुभव का भंडार है।”

उन्होंने आगे कहा, “इसके अलावा, अपनी गेंदबाजी पर उनका जबरदस्त नियंत्रण है, जो बहुत मायने रखता है। यह मुकाम उन्होंने बहुत ज्यादा अभ्यास और कड़ी मेहनत से हासिल किया है। इसी कारण गुरुवार को जब वह मैदान पर उतरेंगे, तो इससे उन्हें निश्चित रूप से मदद मिलेगी। जब भी उनके हाथ में गेंद होती है, तो वह हमेशा ही बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित होते हैं, और इस बार भी ऐसा ही होने वाला है।”

डब्ल्यूवी रमन ने आगे कहा, “अगर हालात मददगार होते हैं, तो एक कीवी बल्लेबाज के तौर पर मुझे बहुत चिंता होगी। बुमराह के पास तेज गति है, और उनके पास ऐसी विविधताएं हैं, जिनका इस्तेमाल वह बेहतरीन कंट्रोल के साथ कर सकते हैं। अगर हालात उनके पक्ष में रहे, तो यह सामान्य से दोगुना मुश्किल हो सकता है।”

न्यूजीलैंड की टीम अपने टॉप-4 क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को उतार सकती है, और आंकड़े बताते हैं कि बुमराह इस तरह के बल्लेबाजों के खिलाफ भी काफी असरदार रहे हैं। 2024 से दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका औसत 15.5 है, जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ यह 20.2 है।

Exit mobile version