Dainik Savera Times

T20 World Cup: इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने चुनी बल्लेबाजी, रेहान अहमद को मिला मौका

New Zealand won toss and elected to bat against England

कोलंबो: ‘टी20 वर्ल्ड कप- 2026’ में शुक्रवार को न्यूजीलैंड की भिड़ंत इंग्लैंड के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, इंग्लैंड ने अपने अंतिम एकादश में एक बदलाव किया है। जेमी ओवरटन की जगह पर रेहान अहमद को टीम में शामिल किया गया है।

पहले बल्लेबाजी करेगी, प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया

टॉस जीतने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं, तो आपको मैच जीतने ही होंगे। हमको पता है कि इस विकेट पर हमें क्या करना है। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।”

न्यूजीलैंड को हराकर बाहर करने की कोशिश करेंगे- हैरी ब्रूक

टॉस हारने के बाद इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, “टॉस जीतकर हम भी पहले बल्लेबाजी ही करते। न्यूजीलैंड एक मजबूत टीम है और हम उन्हें इस मुकाबले में हराकर बाहर करने की कोशिश करेंगे। अगर हम ऐसा करने में सफल रहते हैं, तो यह बहुत अच्छा होगा। मुझे लगता है कि मैं नंबर तीन पर ही बल्लेबाजी करूंगा। जेमी ओवरटन बाहर हैं और उनकी जगह पर रेहान अहमद खेल रहे हैं।”

जगह बनाने के लिए इंग्लैंड को हराना जरूरी 

न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए हर हाल में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। न्यूजीलैंड ने सुपर-8 राउंड के अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को 61 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में टिम सीफर्ट अच्छी लय में नजर आए हैं। सीफर्ट 5 मैचों में अब तक 161 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 181 रन बना चुके हैं। वहीं, रचिन रविंद्र लगातार बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ भी रचिन ने 32 रन बनाने के साथ-साथ 4 ओवर के स्पेल में 27 रन देकर चार विकेट निकाले थे। वहीं, मैट हेनरी का प्रदर्शन पिछले मैच में गेंद से शानदार रहा था और उन्होंने मात्र 3 रन देकर दो विकेट चटकाए थे।

ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक लगाने वाले पहले कप्तान

दूसरी ओर, इंग्लैंड सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी है। सुपर-8 में टीम ने अब तक खेले दोनों ही मैचों में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में कप्तान हैरी ब्रूक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली थी। ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बने। वहीं, गेंदबाजी में टीम के स्पिनर्स लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। लियाम डॉसन ने श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट चटकाए थे, जबकि आदिल रशीद मिडिल ओवरों में रनों पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट निकालने में भी सफल रहे हैं। जोफ्रा आर्चर भी नई गेंद से विकेट निकाल रहे हैं।

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन : फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन : टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककांची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।

Exit mobile version