Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभी हार स्वीकार करने की जरूरत नहीं, हमारे पास सही खिलाड़ी हैं: Michael Hussey

April 12, 2025

अभी हार स्वीकार करने की जरूरत नहीं, हमारे पास सही खिलाड़ी हैं: Michael Hussey

Michael Hussey : चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार पांचवां मैच गंवा दिया, लेकिन टीम के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने अपने खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि अब हार स्वीकार करने की जरूरत नहीं है और पांच बार की चैंपियन टीम के पास सही खिलाड़ी हैं। चेन्नई को शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों आठ विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जब उसने अपने घरेलू मैदान चेपक पर अपना न्यूनतम स्कोर नौ विकेट पर 103 रन बनाया था।

हसी ने कहा, “मुझे अब भी विश्वास है कि हमारे पास सही खिलाड़ी हैं

हसी ने कहा, “मुझे अब भी विश्वास है कि हमारे पास सही खिलाड़ी हैं। हमें बस उन्हें आत्मविश्वास और निरंतरता हासिल करने में मदद करनी है। इसके बाद हम सही रास्ते पर आगे बढ़ सकते हैं, चाहे वह बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी या क्षेत्ररक्षण।” “हमारे खेलने की शैली के बारे में बहुत चर्चा होती है। लेकिन हमारे पास जो खिलाड़ी हैं, हम उनसे बिल्कुल अलग तरीके से खेलने के लिए नहीं कहना चाहते। हम चाहते हैं कि वे अपना स्वाभाविक खेल खेलते रहें।” पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा, “वे आईपीएल में अपने तरीके से खेलने और वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करने आए हैं। मैं निश्चित रूप से उन लोगों में से नहीं हूं जो उन्हें अलग तरीके से खेलने की कोशिश करते हैं। वे इस तरह से खेलकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं।” हसी ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि चेन्नई ने अपने अंतिम एकादश में कुछ शीर्ष खिलाड़ियों को शामिल किया है और वे अपने युवा खिलाड़ियों को अवसर देने के लिए अनिच्छुक हैं। चेन्नई का मध्यक्रम, जिसमें भारत के खिलाड़ी राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, विजय शंकर और दीपक हुड्डा शामिल हैं, इस सीजन में अब तक असफल रहा है।

उन्होंने कहा, “मैं इससे सहमत नहीं हूं। हमारे पास अतीत में कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो अपने करियर के अंतिम चरण में चेन्नई के लिए खेले हैं जैसे शेन वॉटसन और अजिंक्य रहाणे। उन्होंने चेन्नई के लिए वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे अब भी लगता है कि हमारे पास जो खिलाड़ी हैं वे वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।” हसी ने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारे पास कुछ अच्छे युवा खिलाड़ी हैं जो मौके का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कभी-कभी मुझे लगता है कि यही वह समय होता है जब टीमें हार मान लेती हैं और सोचती हैं कि अब हम टूर्नामेंट नहीं जीत सकते और अब हम युवा खिलाड़ियों को आजमाएंगे। हम इस समय उस स्थिति में नहीं हैं। हम निश्चित रूप से इस समय हार नहीं मान रहे हैं।”

ये भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी और राजस्थान में तेजी से बढ़ेगा तापमान, पूर्वोत्तर में बारिश और तूफान की आशंका

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें