Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिर्फ बाबर नहीं, टीम के फ्लॉप प्रदर्शन ने डुबोई विश्व कप में पाकिस्तान की नईया

November 13, 2023

सिर्फ बाबर नहीं, टीम के फ्लॉप प्रदर्शन ने डुबोई विश्व कप में पाकिस्तान की नईया

 

इस्लामाबाद: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में फ्लॉप शो के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल मचा है। टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने खराब प्रदर्शन के लिए पाकिस्तान की जमकर आलोचना की है। उनका मानना है कि केवल कप्तान बाबर आजम को दोषी ठहराया जाना सही नही हैं। बाबर आजम की टीम का प्रदर्शन इस वर्ल्ड कप में बेहद खराब रहा है। टीम 9 मैच खेली है और सिर्फ 4 मैच जीती है। पाकिस्तानी खिलाड़ी अब घर लौटने लगे हैं। लेकिन, न तो उन्हें हवाईअड्डे पर फैंस नजर आ रहे हैं।

उन्हें पत्रकारों के कड़े सवालों का सामना भी करना पड़ रहा है। रविवार को जैसे ही बाबर आजम लाहौर पहुंचे, वहां पत्रकारों का एक समूह उनका इंतजार कर रहा था। पाकिस्तान के प्रदर्शन ने प्रशंसकों को परेशान कर दिया है। अब बाबर आजम और टीम की कप्तानी पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने भी टीम और उनके प्रदर्शन की आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा कि पूरे विश्व कप में गुणवत्ता और संयम की कमी थी।

हालांकि, वे इस बात पर जोर दे रहे हैं कि हर बात के लिए बाबर आजम को निशाना बनाना सही नहीं है। पूर्व क्रिकेट से कमेंटेटर बने रमीज राजा ने कहा, ‘बाबर पर इतना दबाव है कि वह कप्तानी छोड़ सकते हैं। यह गलत है क्योंकि पाकिस्तान टीम का यह हाल सिर्फ एक खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन के कारण नहीं है।‘ रमीज राजा ने कहा, ‘लोगों ने कुछ खिलाड़ियों को निशाना बनाया है।

मीडिया ने भी कुछ खिलाड़ियों को कड़ी आलोचना के साथ निशाना बनाया है। यह सिर्फ एक विश्व कप है इसलिए आपको इससे निपटना होगा। टीम के साथ समस्या यह है कि इसमें आधुनिक क्रिकेट खेलने की क्षमता है। लेकिन, उन्हें अपने दृष्टिकोण में बदलाव करना होगा।‘ क्रिकेट के दिग्गज और स्विंग गेंदबाजी के बादशाह वसीम अकरम ने कहा कि टीम के खराब प्रदर्शन के लिए पूरी टीम का प्रदर्शन और मौजूदा सिस्टम जिम्मेदार है।

वसीम अकरम ने कहा, ‘अकेले कप्तान नहीं खेल रहा है। हां, उन्होंने इस विश्व कप और एशिया कप में भी कप्तानी में गलतियां की। लेकिन, वह अकेले दोषी नहीं हैं। यह पिछले एक साल या उससे अधिक समय से पूरे सिस्टम की गलती है, जहां खिलाड़ियों को नहीं पता कि कोच कौन है। आप उसे बलि का बकरा नहीं बना सकते।‘ पूर्व खिलाड़ी शोएब मलिक ने कहा, ‘संसाधनों की कमी और कप्तान बाबर की चतुराई, इरादे की कमी के कारण हम केवल छोटी टीमों के खिलाफ मैच जीत पाए हैं।‘

माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) समग्र समीक्षा करेगा और संभावना है कि बाबर आजम को कप्तानी से हटा दिया जाएगा। विश्व कप के दौरान पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन ने कई लोगों को निराश किया है क्योंकि खिलाड़ी कभी भी ऐसे नहीं दिखे कि वे उच्च स्कोरिंग मैच खेलने के लिए तैयारियों और योजना के सही चरण में थे। बाबर आजम की कप्तानी में भी टीम का नेतृत्व करने के लिए फोकस और मानसिक मजबूती की कमी नजर आ रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें