Site icon Dainik Savera Times

Pakistan की बजाय Oman में होंगे ओलंपिक हॉकी क्वालीफायर : FIH

लुसानेः पाकिस्तान हॉकी महासंघ और देश के खेल बोर्ड के बीच अंतर्कलह के कारण अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने पुरूष हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर की मेजबानी पाकिस्तान से छीनकर ओमान को दे दी। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने घोषणा की कि टूर्नामेंट अगले साल 15 से 21 जनवरी के बीच मस्कट में होगा। तीन अन्य एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर चीन (महिला क्वालीफायर 15 से 24 जनवरी 2024) और स्पेन (महिला और पुरूष 13 से 21 जनवरी) में होंगे।

एफआईएच ने एक बयान में कहा ,‘‘ पाकिस्तान हॉकी महासंघ प्रशासन के ताजा हालात को देखते हुए एफआईएच ने पुरू ओलंपिक हॉकी क्वालीफायर की मेजबानी पाकिस्तान से वापिस लेने का फैसला किया था।अब यह टूर्नामेंट ओमान में खेला जाएगा।’’ ओलंपिक क्वालीफायर से छह महिला और छह पुरूष टीमें पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करेंगी।

आस्ट्रेलिया और नीदरलेंड की टीमें ओशियाना कप और यूरो हॉकी चैम्पियनशिप जीतकर पहले ही पेरिस ओलंपिक में जगह बना चुकी हैं। चीन में खेले जा रहे एशियाई खेलों, पैन अमेरिकी खेलों और अफ्रीकी हॉकी रोड टू पेरिस टूर्नामेंट से स्वत: क्वालीफाई करने वाली बाकी टीमों का निर्धारण होगा। पेरिस ओलंपिक में हॉकी स्पर्धा 27 जुलाई से 9 अगस्त तक चलेगी।

Exit mobile version