Pakistan Cricket: महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, लेकिन टीम की बल्लेबाज गुल फिरोजा को अंपायर के फैसले पर आपत्ति जताना महंगा पड़ गया। आईसीसी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके अलावा उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।
यह मामला सोमवार को दुबई में पाकिस्तान और हांगकांग के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान सामने आया। पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में कैरी चैन गेंदबाजी कर रही थीं। उनकी गेंद पर गुल फिरोजा ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को बल्ले से नहीं खेल पाईं और गेंद उनके पैड पर जा लगी। इसके बाद मैदानी अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया।
ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/india-at-asian-games-p-t-usha-players-preparation/
आउट दिए जाने के बाद फिरोजा के पास अंपायर के फैसले को चुनौती देने का कोई रास्ता नहीं था, क्योंकि महिला एशिया कप 2026 में डीआरएस उपलब्ध नहीं है। मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने अंपायर के निर्णय से अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने बल्ले की ओर इशारा करते हुए संकेत दिया कि गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद पैड पर गई थी।
आईसीसी ने फिरोजा के इस व्यवहार को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन माना। यह प्रावधान अंपायर के फैसले से अनुचित तरीके से असहमति जताने से जुड़ा है। पिछले 24 महीनों में यह फिरोजा का दूसरा ऐसा अपराध था, जिसके चलते उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में अब कुल दो डिमेरिट पॉइंट हो गए हैं।
गुल फिरोजा एशिया कप 2026 में आईसीसी की कार्रवाई झेलने वाली पाकिस्तान की दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले टीम की कप्तान फातिमा सना पर भारत के खिलाफ मुकाबले में नियमों के उल्लंघन के कारण जुर्माना लगाया गया था। शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद उनके व्यवहार को अनुचित मानते हुए फातिमा पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया था।
पाकिस्तान को टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ हार मिली थी, लेकिन हांगकांग को 72 रन से हराकर उसने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने अंतिम चार में प्रवेश किया है। सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी, जबकि पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

