Paris Diamond League 2025 : भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा आज यानी शुक्रवार देर रात पेरिस डायमंड लीग 2025 में अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 1:15 बजे शुरू होगा। नीरज की निगाहें इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में खिताब जीतने और पिछली दो हार का बदला लेने पर टिकी होंगी।
इस मुकाबले में उनके सामने कड़ी चुनौती जर्मनी के जूलियन वेबर और ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैम्पियन पीटर्स एंडरसन से मिलेगी। पेरिस डायमंड लीग के इस चरण में कुल 8 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें से 5 खिलाड़ी 90 मीटर के आंकड़े को पार कर चुके हैं।
कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग?
भारत में इस स्पर्धा का किसी टीवी चैनल पर प्रसारण नहीं किया जाएगा। प्रशंसक वांडा डायमंड लीग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
वेबर से हिसाब चुकता करने का मौका
नीरज चोपड़ा की नजरें जूलियन वेबर से पिछली दो हार का बदला लेने पर होंगी। बता दें कि 16 मई को दोहा डायमंड लीग में वेबर ने 91.06 मीटर का थ्रो फेंककर नीरज को हराया था। नीरज ने 90.23 मीटर की दूरी तय की थी। 23 मई को पोलैंड में आयोजित जानुज कुसोसिंकी मेमोरियल में भी वेबर ने 86.12 मीटर और नीरज ने 84.14 मीटर का थ्रो किया था। दोनों बार नीरज दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि पीटर्स एंडरसन तीसरे स्थान पर।
8 साल बाद पेरिस डायमंड लीग में वापसी
नीरज चोपड़ा 8 साल बाद पेरिस डायमंड लीग में खेलते नजर आएंगे। उन्होंने पिछली बार 2017 में इस प्रतियोगिता में भाग लिया था और तब वे जूनियर वर्ल्ड चैम्पियन के तौर पर पांचवें स्थान पर रहे थे। 2024 में उन्होंने ओलंपिक पर ध्यान केंद्रित करने के लिए इस लीग में भाग नहीं लिया था।
अन्य प्रमुख खिलाड़ी जिन पर रहेंगी निगाहें
नीरज चोपड़ा के साथ-साथ जिन अन्य खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी, वे हैं:
जूलियन वेबर (जर्मनी) – हालिया विजेता और 91.06 मीटर थ्रो के साथ फॉर्म में।
पीटर्स एंडरसन (ग्रेनाडा) – दो बार के विश्व चैंपियन।
जूलियस येगो (कीनिया) – 2015 के विश्व चैंपियन।
केशोर्न वालकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो) – 2012 के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट।
लुईज मौरिशियो डा सिल्वा (ब्राजील)
एड्रियन मारडारे (मोलडोवा)
रेमी रूजेटे (फ्रांस)
उम्मीदें और उत्साह
नीरज चोपड़ा इस वक्त न केवल भारत के, बल्कि दुनिया के सबसे भरोसेमंद जैवेलिन थ्रोअर माने जाते हैं। फैंस को उम्मीद है कि वे आज रात धमाकेदार प्रदर्शन कर फिर से भारत का सिर गर्व से ऊंचा करेंगे।

