PBKS vs MI : पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या दोनों पर रविवार को अहमदाबाद में आयोजित आईपीएल 2025 क्वालीफायर 2 मैच में धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया। चूंकि यह इस सीजन में पंजाब किंग्स का दूसरा ओवर-रेट अपराध था, इसलिए अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। टीम के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
मुंबई पर लगा मैच फीस का 50% जुर्माना-
दूसरी ओर, यह मुंबई इंडियंस का तीसरा ऐसा अपराध था, जिसके परिणामस्वरूप हार्दिक पांड्या पर 30 लाख रुपये और टीम के बाकी सदस्यों पर 12 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
नियमों में बदलाबव के कारण 20 ओवर का हुआ मैच-
रविवार को अहमदाबाद में आयोजित क्वालीफायर 2 मैच के लिए दर्शकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। टॉस के तुरंत बाद अहमदाबाद में बारिश के कारण मैच दो घंटे से अधिक समय तक रुका रहा। आईपीएल में इस सीजन में नियम बदले गए, जिसके तहत प्लेऑफ मैच दो घंटे की देरी से शुरू हो सकते हैं। इस नियम की अच्छी बात यह रही कि मैच में दोनों टीमों द्वारा 20 ओवर फेंके गए।
शानदार जीत के साथ फाइनल में पंजाब किंग्स-
सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और नमन धीर ने तेज गति से खेलते हुए मुंबई इंडियंस का स्कोर 203 रन तक पहुंचाया। हालांकि, जिस समय सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा खेल रहे थे, उस समय दोनों के बीच अच्छी साझेदारी भी देखने को मिली। मुंबई का स्कोर 230 से ज्यादा का लग रहा था। लेकिन, इन दोनों के आउट होने के बाद पंजाब किंग्स ने वापसी की। हालांकि, मुंबई ने हार्दिक पांड्या और नमन धीर की बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स को 204 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में पंजाब किंग्स ने एक ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट की शानदार जीत के साथ इस सीजन के फाइनल में प्रवेश किया।
RCB के साथ कल होगा फाइनल मुकाबला-
कप्तान अय्यर ने 41 गेंदों पर नाबाद 87 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को 6 गेंद शेष रहते 204 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया। पंजाब किंग्स अब आरसीबी के खिलाफ फाइनल खेलेगी।

