Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

PCB ने पाकिस्तान टीम में अंदरूनी कलह की अटकलों को किया खारिज

October 23, 2023

कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भारत में आईसीसी विश्व कप में  भाग ले रही राष्ट्रीय टीम में कलह और अंदरूनी झड़प की खबरों को सोमवार को खारिज कर दिया। पीसीबी ने एक विज्ञप्ति जारी कर बाबर आजम के नेतृत्व वाली टीम में किसी भी आंतरिक कलह के अटकलों का खंडन किया। टीम में फूट की बढ़ती अफवाहों के बाद पीसीबी को स्थिति साफ करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों ने टीम में कथित झगड़े के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है । इन पत्रकारों ने  सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद अधिक विवरण देने का वादा किया। इन पत्रकारों के मुताबिक दो खिलाड़ी आपस में भिड़ गए जिससे टीम में कलह बढ़ गई है। इसके बाद कप्तान बाबर को खिलाड़ियों के एक समूह से अलगाव का सामना करना पड़ रहा है।
पीसीबी की विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘मीडिया के एक वर्ग द्वारा प्रसारित अफवाहों के विपरीत, पीसीबी स्पष्ट रूप से आश्वासन देता है कि टीम एकजुट है और इन अप्रमाणित दावों का कोई सबूत नहीं है। पीसीबी ने कहा कि वह झूठी खबरों के प्रसार से निराश है। ऑस्ट्रेलिया और भारत से हारने से पहले पाकिस्तान ने नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले दो मैच जीते थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें