PM Modi Birthday: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना की।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए देश को शांति, खुशहाली और विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए उन्हें शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करते हुए कहा कि वह भारत को बेहतर भविष्य की ओर आगे ले जाते रहें। पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनकी ऊर्जा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की सराहना की।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/india-squad-announcement-west-indies-tour-gaikwad-naman-dhir/
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत मजबूत और प्रगतिशील भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवराज ने उनके आने वाले वर्ष के लिए अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और सफलता की कामना की।
पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और खुशी की कामना करते हुए देश के प्रति उनके समर्पण का जिक्र किया। रैना ने उम्मीद जताई कि भारत आगे भी तरक्की और गौरव की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने वीडियो संदेश के जरिए प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश के विकास के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम किया है और खिलाड़ियों को भी लगातार समर्थन दिया है। नेहवाल ने देशवासियों से गुरुवार शाम 6 से 7 बजे के बीच प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद के रूप में दीप जलाने की अपील भी की।

