Site icon Dainik Savera Times

PM Modi ने एशियाई पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला स्थान हासिल करने पर भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला स्थान हासिल करने पर बृहस्पतिवार को भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि इस ‘ऐतिहासिक’ प्रदर्शन से उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कर लिया। भारत ने एशियाई पैरा तीरंदाजी चैम्पियनशिप में बुधवार को 9 पदक जीतकर दक्षिण कोरिया जैसे दिग्गज पर बढ़त हासिल करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। भारत को इस प्रतियोगिता में चार स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक मिला। दक्षिण कोरिया तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य जीतकर दूसरे स्थान पर रहा।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, कि ‘बैंकॉक में पैरा एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप में ऐतिहासिक जीत। शानदार प्रदर्शन के दम पर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने के लिए भारतीय पैरा तीरंदाजी टीम को बधाई!’’ उन्होंने कहा, कि ‘इस दल ने चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक सहित कुल 9 पदक जीते हैं। प्रत्येक एथलीट को उनके योगदान के लिए बधाई। वे हमें हमेशा गौरवान्वित करते रहें।’’

Exit mobile version