Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्टोइनिस की जगह सेमीफाइनल में लाबुशेन को खेलते देखना चाहते हैं Ponting

November 13, 2023

स्टोइनिस की जगह सेमीफाइनल में लाबुशेन को खेलते देखना चाहते हैं Ponting

 

कोलकाता: आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी कौशल के कारण मार्कस स्टोइनिस की जगह मार्नस लाबुशेन बेहतर विकल्प होंगे। बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को आखिरी लीग मैच में आराम के बाद ग्लेन मैक्सवेल आस्ट्रेलियाई टीम में लौटेंगे। इसकी वजह से ईडन गार्डंस पर होने वाले सेमीफाइनल में लाबुशेन या स्टोइनिस में से एक को बाहर होना होगा।

पोंटिंग ने फॉक्स क्रिकेट ब्रॉडकास्ट पर कहा ,‘‘ मैं लाबुशेन को ही शामिल करता। हमने देखा है कि स्टोइनिस का इस्तेमाल करने से पहले आस्ट्रेलिया मिचेल मार्श की गेंदबाजी से काम चला लेता आया है।’’उन्होंने भारत के मजबूत मध्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा ,‘‘इस टूर्नामेंट में लाबुशेन ने खराब नहीं खेला है।आस्ट्रेलिया के लिये टूर्नामेंट में सबसे महत्वपूर्ण मध्यक्रम की बल्लेबाजी है जो अभी तक सही नहीं हुई है।

उन्हें इसका हल जल्दी निकालना होगा।’’ उन्होंने कहा ,‘‘अगर विश्व कप जीतना है तो 11वें से 40वें ओवर के बीच की समस्या का हल निकालना होगा। हमने इसी दौरान काफी विकेट गंवाये हैं। भारत ने इस दौरान सिर्फ 20 विकेट गंवाये हैं। लाबुशेन ने नीदरलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ दो शतक जमाये थे। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार क्षेत्ररक्षण से भी ध्यान खींचा।पोंटिंग के सुर में सुर मिलाते हुए आस्ट्रेलिया के पूर्व हरफनमौला शेन वाटसन ने कहा कि फ्लडलाइट में कठिन हालात का सामना करते हुए बल्लेबाजी में संतुलन के लिए लाबुशेन की जरूरत होगी।

उन्होंने कहा,‘‘उसने पूरे विश्व कप में आस्ट्रेलिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं मार्कस स्टोइनिस अभी तक अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पाये हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए दो नयी गेंद से मिलने वाली स्विंग का सामना करने के लिये आपको तकनीकी रूप से सक्षम बल्लेबाज चाहिये। लाबुशेन टेस्ट क्रिकेट खेलता है और उसमें यह क्षमता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें