Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री मोदी और सचिन तेंदुलकर ने अश्विन को 500 विकेट की उपलब्धि पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 500 टेस्ट विकेट लेने की असाधारण उपलब्धि के लिए ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की प्रशंसा की।अश्विन शुक्रवार को राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान अनिल कुंबले के बाद 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गये।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘रविचंद्रन अश्विन को 500 टेस्ट विकेट लेने की असाधारण उपलब्धि पर बधाई। उनकी यात्र और उपलब्धियां उनके कौशल और दृढ़ता का प्रमाण हैं। वह आगे और उपलब्धियां हासिल करें, उन्हें मेरी शुभकामनायें। ’’ अश्विन यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे ऑफ स्पिनर बने और कुंबले के बाद भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। कुंबले ने अपने करियर में 619 विकेट झटके हैं।

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अश्विन को ‘लाखों में एक’ गेंदबाज करार दिया।तेंदुलकर ने ‘माइक्रो ब्लॉगिंग’ साइट पर कहा, ‘‘लाखों में एक गेंदबाज के लिए 500 टेस्ट विकेट। अश्विन (विन) द स्पिनर (नर) में हमेशा एक ‘विनर’ (विजेता) होता है। टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट बड़ी उपलब्धि है। बधाई हो चैम्पियन। ’’ अश्विन के समकालीन और आस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, ‘‘ऐश बस इतना कहना चाहता था कि 500 टेस्ट मैच विकेट लेने के लिए बहुत बधाई। आपकी यात्र अविश्वसनीय रही है। आप यहां तक पहुंचे हो, उसके लिए मेरे पास सम्मान के अलावा कुछ नहीं है। आपके खिलाफ प्रतिस्पर्धा करना अद्भुत है लेकिन आपसे सीखा भी। बधाई हो। ’’

Exit mobile version