दुबई : अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आगामी महिला टी-20 विश्व कप के लिए 82 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की। इस विश्व कप का आयोजन 2 महीने बाद इंगलैंड एवं वेल्स में होगा। कुल पुरस्कार राशि में पिछले सत्र की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
टूर्नामैंट के पिछले सत्र में 10 टीमों ने भाग लिया था, लेकिन 12 जून से 5 जुलाई तक 7 स्थानों पर खेले जाने वाले आगामी विश्व कप में 12 टीमें भाग लेंगी। इसका फाइनल लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित पिछले सत्र की कुल पुरस्कार राशि 7,958,077 डॉलर (लगभग 74 करोड़ रुपए) थी, जो अब बढ़कर 8,764,615 डॉलर (लगभग 82 करोड़ रुपए) हो गई है।
विजेता टीम को 23,40,000 डॉलर (लगभग 21.8 करोड़ रुपए) मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 11,70,000 डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपए) प्राप्त होंगे। सैमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 6,75,000 डॉलर (लगभग 6.29 करोड़ रुपए) मिलेंगे, जबकि प्रत्येक ग्रुप मैच जीतने पर टीमों को 31,154 डॉलर (लगभग 29 लाख रुपए) मिलेंगे।
आईसीसी ने कहा, सभी 12 प्रतिभागी टीमों को कम से कम 2,47,500 डॉलर (लगभग 2.06 करोड़ रुपए) का सुनिश्चित पुरस्कार मिलेगा।

