Site icon Dainik Savera Times

Pro Kabaddi League: Dabang Delhi KC ने Patna Pirates के मुंह से खींची जीत, मुकाबला 39-39 से कराया टाई

Pro Kabaddi League 2024

Pro Kabaddi League 2024 : दबंग दिल्ली केसी ने पटना पाइरेट्स के मुंह से जीत खींचते हुए नोएडा इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को रिवेंज वीक के तहत खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के 78वें मैच को 39-39 से टाई करा लिया। यह इस सीजन का कुल सातवां, दिल्ली का तीसरा और पटना का पहला टाई है।

30वें मिनट तक पटना 33-25 से आगे चल रहे थे लेकिन फिर दिल्ली ने आशीष के सुपर रेड की बदौलत वापसी की राह पकड़ी और पटना को आलआउट करते हुए लीड भी ले ली लेकिन फिर पटना ने संयम बनाए रखते हुए मैच टाई करा लिया। पटना के लिए देवांक ने 15 अंक बनाए जबकि दीपक और अंकित ने क्रमश: 7 और 5 अंक लिए।

दिल्ली के लिए आशू ने एक बार फिर सुपर-10 लगाया जबकि सुपर रेड के साथ आशीष ने सात अंक बटोरे। नवीन ने भी 6 अंक का योगदान दिया। इस मैच के बाद दोनों टीमें क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर ही बनी हुई हैं।

दोनों टीमों ने शानदार शुरुआत की। पांच मिनट बाद पटना 6-5 से आगे थे। इसमें देवांक के चार और सुपर रेड के साथ आशू के तीन अंक शामिल है। इस बीच आशीष ने पहली रेड पर आए 41 अयान को लपक स्कोर 6-6 कर दिया। इस बीच अंकित ने डू ओर डाई रेड पर आशू का शिकार कर पटना को आगे कर दिया।

आशीष ने हालांकि देवांक को एंकल होल्ड कर मामला बराबर कर दिया। इसके बाद पांच के डिफेंस में नवीन डू ओर डाई रेड पर आए लेकिन लपक लिए गए। 10 मिनट बाद पटना 8-7 से आगे थे। ब्रेक के बाद पटना दो अंक से आगे थे औऱ दिल्ली के लिए सुपर टैकल आन था, जिसका वे फायदा नहीं ले सके और आलआउट होकर 8-14 से पीछे हो गए।

आलक्ष्न के बाद पटना ने 1 के मुकाबले देवांक के मल्टी प्वाइंट रेड की बदौलत छह अंक लेकर फासला बढ़ा दिया। पटना ने इस तरह 20-9 स्कोर के साथ पाला बदला। देवांक अपना सुपर-10 पूरा कर चुके थे। दिल्ली के लिए सुपर टैकल आन था लेकिन वे इसका फायदा नहीं ले सके और दूसरी बार आलआउट हुए। अब पटना 24-11 से आगे थे।

इसके बाद हालांकि आशू की बदौलत दिल्ली ने 1 के मुकाबले 4 अंक लेकर वापसी की राह पकड़ी। दिल्ली के डिफेंस ने फिर देवांक को लपक इस पर मुहर लगाई। अब पटना आलआउट की कगार पर थे, जिसे अंजाम देकर दिल्ली ने स्कोर 21-28 कर दिया। इस बीच अंकित ने आशू को लपक हाई-5 पूरा किया।

अगली रेड पर देवांक ने दो अंक लेकर फासला 31-22 कर दिया। दिल्ली ने इसके बाद 3 अंक लेकर वापसी की गुंजाइश बनाए रखी लेकिन लगातार दो अंक के साथ पटना ने 30 मिनट के खेल के बाद स्कोर 33-25 कर दिया। अपनी टीम को लगातार मुकाबले में बनाए रखने के प्रयास के तहत आशू ने सुपर-10 पूरा किया।

दिल्ली ने इसके बाद अयान को सुपर टैकल कर दो अंक बटोर स्कोर 30-36 कर दिय़ा। फिर नवीन ने एक शिकार कर फासला 5 का कर दिया। फिर आशीष ने फिर देवांक का शिकार कर फासला 4 का कर दिया। आशीष यही नहीं रुके और सुपर रेड के साथ न सिर्फ स्कोर 35-36 किया बल्कि पटना को आलआउट की ओर भी धकेल दिया। अब 1.20 मिनट बचे थे।

इसके बाद दिल्ली ने आलआउट लेते हुए 38-37 की लीड ले ली लेकिन शुभम ने आशू को लपक स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद देवांक ने बोनस के साथ पटना को आगे कर दिया। फिर आशीष ने बोनस के साथ स्कोर बराबर कर दिया। मैच की अंतिम रेड पर देवांक आए और रेड वैलिड करके लौट गए। इस तरह यह मैच टाई पर समाप्त हुआ।

Exit mobile version