Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Kings ने Rajasthan Royals को पांच विकेट से हराया, जानिए कैसा रहा मुकाबला

May 16, 2024

Punjab Kings ने Rajasthan Royals को पांच विकेट से हराया, जानिए कैसा रहा मुकाबला

गुवाहाटी :- गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान सैम करन नाबाद (63)की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 65वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया है। 145 के छोटे लक्ष्य को हासिल करने उतरी पंजाब किंग्स की पारी शुरुआत में लड़खड़ाती नजर आई। पहले ओवर में प्रभसिमरन सिंह (4) और उसके बाद पांचवें ओवर में राइली रुसो 13 गेंदों में (22) उसी ओवर में शशांक सिंह (शून्य) पर पवेलियन लौट गए। ऐसे समय में कप्तान सैम करन ने जितेश शर्मा के साथ पारी को संभाला।

जितेश शर्मा ने 20 गेेंदों में 22 रन बनाए। सैम करन ने 41 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्का लगाते हुए नाबाद (63) रनों की पारी खेली। आशुतोष शर्मा 11 गेंदों में (17) रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवर में 145 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया। राजस्थान की ओर से आवेश खान और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिये। ट्रेंट बोल्ट ने एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले रियान पराग (48) और रवि अश्विन के (28) रनों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 145 रनों का लक्ष्य दिया है।

आज यहां बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रायल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर में यशस्वी जयसवाल (4) का विकेट गवां दिया। उन्हें सैम करन ने आउट किया। टॉम कोहलर और कप्तान संजू सैमसन ने पारी को संभालने का प्रयास किया। सातवें ओवर में नेथन एलिस ने संजू सैमसन (18) को आउट कर पंजाब को दूसरी सफलता दिलाई।

अगले ओवर में राहुल चाहर ने टॉम कोहलर (18) को पवेलियन भेज दिया। रवि अश्विन ने 19 गेंदों में 28 रन बनाये। ध्रुव जुरेल (शून्य), रोवमन पॉवेल (4), डॉनोवन फरेरा (7),ट्रेंट बोल्ट (12) रन बनाकर आउट हुए। रियान पराग ने 34 गेंदों में छह चौकों की मदद से सर्वाधिक (48) रन बनाये। राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 144 रन का स्कोर खड़ा किया। पंजाब किंग्स की ओर से सैम करन,राहुल चाहर और हरप्रीत बराड ने दो-दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और नेथन एलिस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें