Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 के लिए पंजाब किंग्स ने की कप्तान के नाम की घोषणा, श्रेयस अय्यर संभालेंगे टीम की कमान

January 13, 2025

IPL 2025 के लिए पंजाब किंग्स ने की कप्तान के नाम की घोषणा, श्रेयस अय्यर संभालेंगे टीम की कमान

Punjab Kings Captain : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने दिग्गज बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को लीग के आगामी सीजन के लिए अपना कप्तान घोषित किया है। दिसंबर 2024 में नीलामी में फ्रेंचाइजी द्वारा चुने गए दाएं हाथ के बल्लेबाज फ्रेंचाइजी की कमान संभालने के लिए हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ फिर से जुड़ेंगे।

30 वर्षीय खिलाड़ी ने पंजाब किंग्स मैनेजमेंट का आभार व्यक्त किया। श्रेयस ने कहा, मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि टीम ने मुझ पर अपना विश्वास जताया है। मैं कोच पोंटिंग के साथ फिर से काम करने के लिए उत्सुक हूं। टीम मजबूत दिख रही है जिसमें क्षमतावान और अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है। मुझे उम्मीद है कि मैनेजमेंट द्वारा दिखाए गए विश्वास को हम अपना पहला खिताब दिलाकर चुका पाएंगे।

हेड कोच पोटिंग ने कहा, श्रेयस के पास खेल के लिए शानदार दिमाग है। कप्तान के रूप में उनकी साबित क्षमताएं टीम को बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम बनाएंगी। मैंने IPL में पहले भी अय्यर के साथ अपना समय बिताया है और मैं उनके साथ फिर से काम करने के लिए उत्सुक हूं। उनके नेतृत्व और टीम में प्रतिभा को देखते हुए मैं आने वाले सीज़न के लिए उत्साहित हूं।

पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन ने कहा, हमने अपने कप्तान के रूप में श्रेयस की पहचान की थी। नीलामी के नतीजों से हम बहुत खुश हैं। उन्होंने खुद को इस प्रारूप में माहिर खिलाड़ी साबित कर दिया है और टीम के लिए उनका विजन हमारे लक्ष्यों से पूरी तरह मेल खाता है। उनके और पोंटिंग के फिर से हाथ मिलाने से हमें विश्वास है कि हमारी टीम के पास एक ठोस लीडरशिप है जो हमें हमारे पहले खिताब तक ले जाएगा।

2024 अय्यर के लिए यह एक शानदार साल रहा है। वह रणजी और ईरानी ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 2024 के IPL अभियान में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी की थी। इसके अलावा उनके नेतृत्व में मुंबई ने अपनी दूसरी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें