लखनऊ : आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) आमने-सामने होंगे। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच में पंजाब के लिए जीत बेहद जरूरी है, क्योंकि प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए टीम को हर हाल में बड़ा जीत अंतर चाहिए।
सीजन की अच्छी शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स की फॉर्म लगातार खराब रही है। टीम पिछले छह मुकाबले हार चुकी है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर को छोड़कर बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए हैं। आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा था।
गेंदबाजी भी पंजाब के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। अर्शदीप सिंह लय में नहीं दिखे हैं, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन पिछले मैच में काफी महंगे साबित हुए थे। प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स पंजाब का खेल बिगाड़ने के इरादे से उतरेगी।
टीम का बल्लेबाजी क्रम अच्छी लय में नजर आ रहा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिचेल मार्श ने 96 रन और जोश इंग्लिस ने 60 रन की तेज पारी खेली थी। निकोलस पूरन भी फॉर्म में हैं। हालांकि, गेंदबाजी एलएसजी की कमजोर कड़ी बनी हुई है। राजस्थान के खिलाफ 221 रन का लक्ष्य भी टीम डिफेंड नहीं कर सकी थी।

