खेल डेस्क: अफगानिस्तान के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज शपागीजा क्रिकेट लीग 2026 के एक मुकाबले के दौरान हुई अनोखी घटना की वजह से चर्चा में आ गए। मैच के बीच एक फैन अचानक मैदान में घुस आया और गुरबाज की कैप लेकर भाग गया। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘जब तक सुरक्षाकर्मी पकड़ते, तब तक काफी दूर भागा’
यह वाकया शुक्रवार (3 जुलाई) को खोस्त के रहमत वली मसरूर क्रिकेट ग्राउंड में मिस ऐनक नाइट्स और बंद-ए-अमीर ड्रैगन्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुआ। मैच चल ही रहा था कि एक दर्शक सुरक्षा घेरा पार कर सीधे मैदान में पहुंच गया। वह गुरबाज के पास गया, उनकी कैप उतारी और उसे लेकर दौड़ पड़ा। जब तक सुरक्षाकर्मी उसे पकड़ने की कोशिश करते, तब तक वह काफी दूर निकल चुका था।
इस घटना के बाद सबसे खास बात यह रही कि रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपना आपा नहीं खोया। उन्होंने गुस्सा करने के बजाय मुस्कुराकर प्रतिक्रिया दी। उनके शांत स्वभाव और खेल भावना की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। मैदान पर मौजूद साथी खिलाड़ी और मैच अधिकारी भी इस अनोखी घटना को देखकर हैरान रह गए।
A fan on a mission 🧢🏃♂️
A pitch invader runs into @RGurbaz_21 on the field during today’s #Shpageeza match only to grab his cap before making a quick exit. #ACA #AfghanistanCricket pic.twitter.com/98yavqGSqi— Bashir Gharwal غروال (@bashir_gharwall) July 3, 2026
गुरबाज ने 30 गेंदों में 52 रन बनाए
इस घटना का गुरबाज की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने खालिद तनीवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की नाबाद साझेदारी की। तनीवाल ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इससे पहले बंद-ए-अमीर ड्रैगन्स की टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मिस ऐनक नाइट्स की ओर से जियाउर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मुजीब उर रहमान ने भी 3 विकेट झटके, जबकि नूरिस्तानी उमरजई ने 2 विकेट हासिल किए। 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिस ऐनक नाइट्स ने केवल 9.4 ओवर में दो विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में गुरबाज की शानदार पारी और फैन द्वारा उनकी कैप लेकर भागने की घटना, दोनों ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

