Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल और अय्यर एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल, वर्मा को भी जगह मिली 

August 22, 2023

राहुल और अय्यर एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल, वर्मा को भी जगह मिली 
नई दिल्ली: चोटिल होने के कारण पिछले कुछ समय से बाहर चल रहे केएल राहुल और श्रेयस अय्यर को 31 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए सोमवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी पहली बार एकदिवसीय प्रारूप के लिए टीम में जगह दी गई। राहुल और अय्यर की फिटनेस पर सवालिया निशान लगे थे। यह दोनों खिलाड़ी क्रमश: जांघ और पीठ दर्द से उबर कर वापसी कर रहे हैं।
अय्यर ने अपना आखिरी मैच मार्च में जबकि राहुल ने मई में खेला था। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को राहुल के बैकअप के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हाल में राहुल को मामूली चोट के कारण परेशानी हो गई थी। चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ने टीम की घोषणा करते हुए कहा,‘‘ राहुल की नई परेशानी का संबंध मूल चोट से नहीं है।
यह मामूली चोट है। इसलिए संजू को श्रीलंका दौरे के लिए टीम में लिया गया है। हमें उम्मीद है कि राहुल फिट हो जाएंगे। अगर वह एशिया कप के शुरू में पूरी तरह फिट न भी होते हैं तो उनके दूसरे या तीसरे मैच तक फिट होने की संभावना है। श्रेयस अय्यर पूरी तरह से फिट हैं।
चोट से उबरने के बाद आयरलैंड के खिलाफ चल रही वर्तमान श्रृंखला में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भी एशिया कप के लिए टीम में शामिल किया गया है।तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली टी20 श्रृंखला में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। यह 20 वर्षीय खिलाड़ी अभी आयरलैंड दौरे पर है।
एशिया कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), जसप्रीत बुमराह, रंिवद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (राहुल के बैकअप के रूप में)।
 भाषा पंत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें