Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup 2026: बारिश से धुला आयरलैंड-जिम्बाब्वे का मैच, ऑस्ट्रेलिया ‘सुपर-8’ से बाहर

February 17, 2026

T20 World Cup 2026: बारिश से धुला आयरलैंड-जिम्बाब्वे का मैच, ऑस्ट्रेलिया ‘सुपर-8’ से बाहर

खेल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 32वां मुकाबला आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाना था, लेकिन बारिश के चलते ग्रुप-बी का यह मैच टॉस के बगैर ही रद्द करना पड़ा। इसी के साथ दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटे गए और ऑस्ट्रेलिया को ‘सुपर-8’ से बाहर होना पड़ा। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला रद्द होने के साथ जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में जगह बना ली है। ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में यह टीम दूसरे स्थान पर है। इस टीम ने अब तक 3 में से 2 मैच जीते हैं।

ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया

जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में ओमान को 8 विकेट से मात दी थी, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। जिम्बाब्वे ने 13 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 23 रन से जीत दर्ज की थी। इस टीम ने निर्धारित ओवरों में महज 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवरों में सिर्फ 146 रन पर सिमट गई थी। दूसरी ओर, प्वाइंट्स टेबल में चौथे प्वाइंट्स पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया ने 3 में से 2 मैच गंवाए हैं।

20 फरवरी को ओमान के खिलाफ खेलेगा ऑस्ट्रेलिया

ग्रुप-बी से जिम्बाब्वे के अलावा श्रीलंका ने सुपर-8 में जगह बनाई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के साथ आयरलैंड और ओमान अगले दौर में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगी। अगर इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया जीत लेता है, तो भी उसके पास 4 ही प्वाइंट्स होंगे। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम पहले ही 5 अंक हासिल कर चुकी है। अब जिम्बाब्वे की टीम 19 फरवरी को श्रीलंका के विरुद्ध अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।

जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में बनाई जगह

जिम्बाब्वे की टीम ने सुपर-8 के जी1 प्री-सीडिंग ग्रुप में जगह बनाई है, जहां उसका सामना 23 फरवरी को वेस्टइंडीज से होगा। वहीं, 26 फरवरी को उसके सामने भारतीय टीम होगी। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच 1 मार्च को सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें