Site icon Dainik Savera Times

रणजी ट्रॉफी: अंशुल कंबोज का ऐतिहासिक प्रदर्शन, एक पारी में झटके सभी 10 विकेट

रोहतक: हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी की एक पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बनकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल छठे भारतीय गेंदबाज भी हैं।

कंबोज ने लाहली के चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच के तीसरे दिन 30.1 ओवर में 49 रन देकर 10 विकेट चटकाकर यह अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने अपने 19वें प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच में 50 विकेट भी पूरे किए।

कंबोज रणजी ट्रॉफी मैच में सभी 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की उस लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिसमें प्रेमांसु चटर्जी भी शामिल हैं, जिन्होंने 1956 में बंगाल-असम मैच में 20 रन देकर 10 विकेट लिए थे और प्रदीप सुंदरम ने 1985 में राजस्थान-विदर्भ मैच में 78 रन देकर 10 विकेट लिए थे।

दूसरे दिन आठ विकेट लेने के बाद कंबोज ने तीसरे दिन का खेल शुरू किया और बेसिल थंपी और शॉन रोजर को जल्दी आउट करके शानदार दस विकेट पूरे किए।
सितंबर में, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में दलीप ट्रॉफी खेलों के दौरान, कंबोज ने 8-69 विकेट लिए थे और देबाशीष मोहंती (10/46) और अशोक डिंडा (8/123) के बाद टूर्नामैंट में आठ विकेट लेने वाले तीसरे तेज गेंदबाज बन गए थे। करनाल के रहने वाले कंबोज पिछले सीजन में 10 मैचों में 17 विकेट लेकर चर्चा में आए थे और हरियाणा को विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

Exit mobile version