Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ravindra Jadeja का बड़ा धमाका, कोलकाता टेस्ट में किया ऐसा कारनामा, बने दुनिया दूसरे गेंदबाज

November 16, 2025

Ravindra Jadeja का बड़ा धमाका, कोलकाता टेस्ट में किया ऐसा कारनामा, बने दुनिया दूसरे गेंदबाज

Ravindra Jadeja: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी घातक गेंदबाजी से एक बार फिर साबित किया कि वह आधुनिक क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं। मैच के दूसरे दिन जडेजा ने दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका के चार महत्वपूर्ण विकेट झटके और इसी के साथ अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि जोड़ ली।

घरेलू सरजमीं पर 250 टेस्ट विकेट पूरे

जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में भारतीय जमीन पर गेंदबाजी करते हुए अपने 250 विकेट पूरे कर नए कीर्तिमान की ओर कदम बढ़ाया। वह ऐसा करने वाले भारत के केवल चौथे गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही जडेजा ने घरेलू मैदानों पर 2000 से अधिक रन भी बना लिए हैं। इन दो उपलब्धियों के साथ वह दुनिया के मात्र दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपने देश में 2000 से अधिक रन और 250 से अधिक विकेट का अनोखा डबल पूरा किया है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम था।

WTC में भी रचा इतिहास

दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में जडेजा ने 13 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनका चौथा विकेट लेते ही आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उनके 150 विकेट पूरे हो गए। जडेजा ने यह मुकाम अपने 47वें मैच की 87वीं पारी में हासिल किया। वह डब्ल्यूटीसी में भारत की ओर से 150 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले आर. अश्विन और जसप्रीत बुमराह यह उपलब्धि अर्जित कर चुके हैं। जडेजा WTC में अब तक 6 बार एक पारी में पांच विकेट ले चुके हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन पर 7 विकेट है।

टेस्ट में कैसा रहा है जडेजा का प्रदर्शन… 

जडेजा ने 2012 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था और तब से वह भारत की टेस्ट टीम की रीढ़ बन चुके हैं। अब तक वह 163 पारियों में 338 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जिसमें 15 बार पांच विकेट का कारनामा शामिल है। सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी वह लगातार टीम के लिए अहम योगदान देते रहे हैं। 129 पारियों में 6 शतक और 27 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 3990 रन बनाए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें