
नई दिल्ली: वैस्ट इंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टैस्ट में 104 रन की नाबाद पारी खेलने वाले भारतीय ऑलराऊंडर रवींद्र जडेजा आईसीसी पुरुष टैस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जडेजा ने 6 पायदान की छलांग लगाई है। 36 वर्षीय जडेजा की इससे पहले टैस्ट में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 29 थी, जो उन्होंने इसी साल जुलाई में हासिल की थी। न सिर्फ बल्ले, बल्कि रवींद्र जडेजा ने वैस्ट इंडीज के खिलाफ गेंद से भी सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने वैस्ट इंडीज की दूसरी पारी में 4 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के चलते जडेजा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वह ऑलराऊंडर की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं। मोहम्मद सिराज गेंदबाजों की सूची में 3 पायदान ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पहली बार 700 रेटिंग अंकों को पार किया है। इस टैस्ट मैच के साथ अपनी रैंकिंग सुधारने वाले अन्य खिलाड़ियों में केएल राहुल और ध्रुव जुरेल शामिल हैं, जिन्होंने शतकीय पारियों के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में तरक्की की है। केएल राहुल 4 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि अपना पहला टैस्ट शतक लगाने के बाद ध्रुव जुरेल 20 पायदान ऊपर चढ़कर 65वें स्थान पर आ गए। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव वैस्ट इंडीज के खिलाफ कुल 4 विकेट लेकर 7 पायदान ऊपर चढ़कर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं।