नई दिल्ली : टीम इंडिया के बल्लेबाज रिंकू सिंह मंगलवार को चेन्नई से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रिंकू को घर में हैल्थ एमरजैंसी होने की वजह से भारतीय टीम का साथ छोड़कर जाना पड़ा है। खबरों के मुताबिक रिंकू सिंह के पिता चौथे चरण के लिवर कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिंकू के पिता को अभी वैंटिलेटर पर रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि रिंकू ने मंगलवार को चेन्नई में हुए अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया और उनका अगले मैच में खेलना भी काफी मुश्किल है।
ऐसी उम्मीद की जा रही है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ करो या मरो के मैच में संजू सैमसन को भारत की प्लेइंग इलैवन में शामिल किया जा सकता है। रिंकू सिंह ने टी20 विश्व कप 2026 में अब तक खेले गए सभी मैचों में हिस्सा लिया है और कुल मिलाकर 24 रन बनाए हैं। अंतिम ओवरों में फिनिशर की भूमिका में रिंकू टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं, और उनकी अनुपस्थिति मेजबान टीम के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकती है।

