Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऋषभ पंत के घुटने की होगी सर्जरी, देहरादून से एयर एंबुलेंस के जरिए लाया गया मुंबई

January 4, 2023

ऋषभ पंत के घुटने की होगी सर्जरी, देहरादून से एयर एंबुलेंस के जरिए लाया गया मुंबई

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को कहा कि स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ‘लिगामेंट की चोट की सर्जरी कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं’ जिसके कारण वह अनिश्चित काल के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर हो जाएंगे। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि पंत को देहरादून के एक अस्पताल से एयर एंबुलेंस में मुंबई ले जाया गया है जहां घुटने और टखने के लिगामेंट की चोट के लिए उनका व्यापक उपचार होगा। पंत को 30 दिसंबर को कार दुर्घटना में चोटें लगी थी।

बीसीसीआई ने पंत को एयर एंबुलेंस से मुंबई ले जाने का फैसला किया क्योंकि वह किसी व्यावसायिक एयरलाइन से उड़ान भरने की स्थिति में नहीं थे। पंत का इलाज प्रसिद्ध खेल ऑर्थोपेडिक सर्जन दिनशॉ परदीवाला करेंगे। शाह ने कहा, ‘‘उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया जाएगा और अस्पताल में सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के प्रमुख और ऑर्थोस्कोपी एंड शोल्डर र्सिवस के निदेशक डॉ. दिनशॉ परदीवाला की सीधी निगरानी में उनका इलाज होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऋषभ की लिगामेंट की चोट के लिए सर्जरी होगी और उन्हें बाद की प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। उनके उबरने और रिहैबिलिटेशन के दौरान बीसीसीआई की चिकित्सा टीम उनका ध्यान रखेगी।’’ शाह ने कहा, ‘‘बोर्ड ऋषभ की उबरने की प्रक्रिया में सहायता और तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा और इस अवधि के दौरान उसे हर संभव सहायता प्रदान करेगा।’’ पच्चीस साल के पंत एक भयानक कार दुर्घटना में बाल-बाल बच गए थे जब वह दिल्ली से अपने गृहनगर रुड़की जा रहे थे लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर नियंत्रण खो बैठे और उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। पंत के माथे पर चोट के निशान थे, पीठ में गंभीर चोट के साथ-साथ उनके घुटने और टखने में चोट लगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें