मुल्लांपुर : अपने विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से बेहद मजबूत नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी की तो उसे 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी और तेज तर्रार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से सावधान रहना होगा। सनराइजर्स की टूर्नामैंट की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने दूसरे चरण में लय हासिल कर ली। नियमित कप्तान पैट कमिंस के आने से भी टीम को काफी फायदा हुआ, क्योंकि उसने अपने इन आखिरी 7 मैचों में से 5 में जीत हासिल की।
सनराइजर्स ने लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स 2 बार हराया था और इस तरह से कमिंस और उनकी टीम को बहुत अधिक दबाव वाले नॉकआऊट मुकाबले में मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी। रॉयल्स के कप्तान रियाग पराग ने खुद स्वीकार किया कि उनकी टीम को लीग चरण के आखिरी दिन तक इंतजार करने से बहुत पहले ही क्वालीफाई कर लेना चाहिए था, लेकिन अब जबकि टीम वहां पहुंच गई है तब वह आगे बढ़ने के लिए बेताब होगी।
रॉयल्स के शीर्ष क्रम में सूर्यवंशी (583 रन), यशस्वी जायसवाल (397) और ध्रुव जुरेल (458) ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। सनराइजर्स की तरफ से भी शीर्ष क्रम के 3 बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (563 रन), ट्रेविस हैड (393) और ईशान किशन (569) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन नं.4 पर बल्लेबाजी करने वाले हेनरिक क्लासेन (606) का विशेष रूप से उल्लेख करना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है।
दोनों टीमों के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की विस्फोटक क्षमता के बावजूद जायसवाल और हैड के प्रदर्शन में उतनी निरंतरता नहीं रही है जितना वे चाहते थे।
सनराइजर्स यकीनन टूर्नामैंट की सबसे आक्रामक टीम है और इसलिए यह कोई हैरानी की बात नहीं थी कि रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा से विपक्षी टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाजों से निपटने की उनकी रणनीति के बारे में पूछा गया। श्रीलंका के इस दिग्गज को उम्मीद होगी कि पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले आर्चर एक बार फिर मैच विजेता प्रदर्शन करेंगे। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने भी आर्चर का तेज गेंदबाजी विभाग में अच्छा साथ दिया है।
युवा लेग-स्पिनर यश राज पुंजा अपने पहले आईपीएल सत्र में ही रवि बिश्नोई से आगे निकलकर प्रमुख स्पिनर के रूप में उभरे हैं, जबकि अनुभवी रवींद्र जडेजा को बल्ले और गेंद दोनों से और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले सूर्यवंशी एक बार फिर कमिंस, ईशान मलिंगा (19) और साकिब हुसैन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने से नहीं हिचकिचाएंगे। अगर यह युवा बल्लेबाज पावरप्ले में अच्छी शुरुआत देता है तो वह विपक्षी टीम से मैच छीन सकता है। इस मैदान पर इस सत्र में जो चार मैच खेले गए उनमें बल्लेबाजों की तूती बोली।

