
मुल्लांपुर : राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती वंडर किड वैभव सूर्यवंशी के बल्ले पर अंकुश लगाने की होगी जबकि उनके शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को भी आक्रामक खेल दिखाना होगा। दोनों टीमों के बीच पिछले मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट गेंद पर सूर्यवंशी को आऊट किया था लेकिन इससे पहले उनकी गेंद पर शानदार छक्का पड़ा था।
तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा को भी सूर्यवंशी ने नहीं बख्शा। 15 बरस के इस बल्लेबाज ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंद में 97 रन बनाए थे। बल्लेबाजों की मददगार इस पिच पर सूर्यवंशी एक बार फिर हर गेंद को पीटना चाहेंगे और गेंदबाज के रसूख की वह परवाह नहीं करते। रॉयल्स की सफलता की कुंजी सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर साबित हुए हैं। सूर्यवंशी के शानदार फॉर्म के आगे यशस्वी जायसवाल छिप से गए हैं। ध्रुव जुरेल ने तीसरे नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी की है।
दूसरी ओर गुजरात के पास एक और आईपीएल फाइनल में पहुंचने का मौका है जिसे पिछली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर ने हराया था। गुजरात की टीम बल्लेबाजी में शीर्ष 3 शुभमन गिल, साइ सुदर्शन और जोस बटलर पर निर्भर है। अगर ये नहीं चले तो बड़ा स्कोर बनना मुश्किल है। अगर रॉयल्स ने 250 से अधिक रन बना लिए तो गिल और सुदर्शन पर दबाव आ जाएगा। सुदर्शन के प्रदर्शन में निरंतरता है लेकिन वह पहली गेंद से पीट नहीं सकता।
गेंदबाजी गुजरात की ताकत है लेकिन धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ डैथ ओवरों में उसके गेंदबाज नहीं चले थे जब आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार पारी खेली थी। गुजरात को अपनी फील्डिंग में भी काफी सुधार करना होगा। पिछले मैच में राहुल तेवतिया का फॉर्म भी उसके लिए अच्छा संकेत है।