
Ruturaj Gaikwad play in England : डिविजन वन काउंटी चैंपियनशिप टीम यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने मंगलवार को भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के साथ करार किया। 28 वर्षीय गायकवाड़ जुलाई में स्कारबोरो में सरे के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच से पहले यॉर्कशायर से जुड़ेंगे। गायकवाड़ सीजन के अंत तक व्हाइट रोजेज के साथ रहेंगे। वह वन-डे कप में चयन के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।
यॉर्कशायर से जुड़ने के लिए उत्साहित : गायकवाड़
“मैं इंग्लैंड में शेष घरेलू सत्र के लिए यॉर्कशायर से जुड़ने के लिए उत्साहित हूं। यहां क्रिकेट का अनुभव हासिल करना हमेशा से मेरा लक्ष्य रहा है। इंग्लैंड में यॉर्कशायर से बड़ा कोई क्लब नहीं है। मैं जानता हूं कि सीजन के ऐसे महत्वपूर्ण चरण में मेरा प्रदर्शन कितना महत्वपूर्ण है। काउंटी चैंपियनशिप में हमारे पास कुछ महत्वपूर्ण मैच हैं।”
इंडिया A टीम का हिस्सा-
गायकवाड़ इंग्लैंड लायंस के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में थे, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन के दूसरे हाफ से बाहर होने के बाद दोनों अनौपचारिक टेस्ट मैच मिस कर गए।
IPL में CSK के हैं कप्तान-
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र की कप्तानी करने वाले गायकवाड़ बेहद कुशल बल्लेबाज हैं। गायकवाड़ ने छह वनडे के अलावा 23 टी20 मैच भी खेले हैं।
तेजी से रन बनाने की क्षमता-
यॉर्कशायर के मुख्य कोच एंथनी मैकग्राथ ने गायकवाड़ के टीम में शामिल होने पर कहा, “मैं सीजन के दूसरे भाग के लिए ऋतुराज को हमारे साथ जुड़ते देखकर बहुत खुश हूं। वह एक बहुत ही कुशल क्रिकेटर है, जिसका खेल स्वाभाविक रूप से हरफनमौला है।” उन्होंने आगे कहा, “ऋतुराज हमारी बल्लेबाजी लाइनअप में कुछ अतिरिक्त मजबूती जोड़ेंगे। इसके साथ ही, जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बनाने की क्षमता भी उनमें होगी। मैं जानता हूं कि वह खेल के सभी क्षेत्रों में एक उच्च श्रेणी के खिलाड़ी हैं।”
सभी प्रारूपों में शानदार रिकॉर्ड-
यॉर्कशायर क्रिकेट क्लब के महाप्रबंधक गेविन हैमिल्टन ने कहा, “ऋतुराज का सभी प्रारूपों में शानदार रिकॉर्ड है। वह एक बहुमुखी क्रिकेटर है, जो सीजन के दूसरे भाग में हमारी टीम को बहुत मजबूत बनाएगा। यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब में हर कोई उनके शामिल होने को लेकर उत्साहित है।’
मेष: दिन शुभ रहेगा...