Site icon Dainik Savera Times

SA20 : डु प्लेसिस ने दिलाई जॉबर्ग सुपर किंग्स को अहम जीत, प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा

SA20 : जॉबर्ग सुपर किंग्स ने वांडर्स में टेबल टॉपर पार्ल रॉयल्स को सात विकेट से हराकर SA20 प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। सुपर किंग्स अभी भी अंकतालिका में चौथे स्थान पर हैं, लेकिन अब उनके 19 अंक हो गए हैं, जो तीसरे स्थान पर मौजूद सनराइजर्स ईस्टर्न केप के बराबर हैं। हालांकि, गत विजेता सनराइजर्स को बोनस अंकों के कारण बढ़त मिली हुई है।

कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 55 गेंदों में 87 रन की आक्रामक पारी खेली, जिससे सुपर किंग्स ने 151 रनों का लक्ष्य 7 विकेट शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। मैच के बाद डु प्लेसिस ने कहा, ‘हमें इस जीत की सख्त जरूरत थी। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए यह एक अहम मुकाबला था। मुश्किल पिच पर शानदार पीछा किया। पूरी टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा।‘

सुपर किंग्स की जीत की बड़ी वजह उनकी ठोस शुरुआत रही। डु प्लेसिस और डेवोन कॉन्वे (25 गेंदों में 20 रन) ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े, जिससे लक्ष्य हासिल करना आसान हो गया।

वहीं, पार्ल रॉयल्स की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम में जो रूट की जगह शामिल किए गए सैम हेन दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। डु प्लेसिस ने पावरप्ले की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, ‘पहले छह ओवरों में तेज रन बनाना जरूरी है। हमें 25-30 रन के पावरप्ले से बचना होगा और विपक्षी टीम पर दबाव बनाना होगा।‘

सुपर किंग्स के ऑफ स्पिनर डोनोवन फरेरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा लुथो सिपामला ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया और 3 विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पार्ल रॉयल्स की ओर से लुआन-ड्रे प्रीटोरियस (11 गेंदों में 19 रन) और रुबिन हरमैन (26 गेंदों में 28 रन) ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन लंबी पारी नहीं खेल पाए। वहीं, दिनेश कार्तकि (39 गेंदों में 53 रन) ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक जमाया, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज का खास साथ नहीं मिला।

पार्ल रॉयल्स को इस मैच में अपने दो अहम खिलाड़ी जो रूट और कप्तान डेविड मिलर की कमी खली। मिलर अपनी नवजात संतान के जन्म के कारण टीम के साथ नहीं थे। इस मौके का फायदा उठाते हुए टीम ने कुछ युवा खिलाड़ियों को आजमाया। पार्ल रॉयल्स पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं और 4 फरवरी को क्वालिफायर 1 में एमआई केपटाउन से भिड़ेंगे। विजेता टीम 8 फरवरी को होने वाले फाइनल में पहुंच जाएगी।

वहीं, प्लेऑफ की बाकी दो जगहों के लिए सनराइजर्स, सुपर किंग्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच कड़ी टक्कर जारी है। प्रिटोरिया कैपिटल्स को एमआई केपटाउन के खिलाफ हर हाल में शुक्रवार को जीत दर्ज करनी होगी, जबकि सनराइजर्स और पार्ल रॉयल्स शनिवार को आमने-सामने होंगे।

तीसरे और चौथे स्थान की टीमें 5 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबला खेलेंगी, जबकि अगले दिन क्वालिफायर 2 होगा, जिसमें एलिमिनेटर विजेता और क्वालिफायर 1 में हारी हुई टीम आमने-सामने होंगी।

ये भी पढ़ें :- लोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने हक में नहीं डाले वोट

Exit mobile version