खेल डेस्कः लखनऊ सुपर जायंट्स को हारी हुई बाजी जिताने वाले मुकुल चौधरी पर टीम के मालिक संजीव गोयनका खासे मेहरबान हो गए हैं। मुकुल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में शानदार पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। एक समय कोलकाता की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन मुकुल ने अपने दम पर कहानी पलट दी। उनकी पारी को देखते हुए संजीव गोयनका ने उनको खास तोहफा दिया है।
ये भी पढ़ें :-
बता दें कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 14.4 ओवर में 126 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी और हार तय लग रही थी। ऐसे मुश्किल समय में मुकुल चौधरी ने जिम्मेदारी संभाली और 27 गेंदों पर 54 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने दो चौके और सात शानदार छक्के जड़कर टीम को रोमांचक जीत दिला दी।
मुकुल को मिला करोड़ों का तोहफा
मुकुल की इस मैच जिताऊ पारी से प्रभावित होकर संजीव गोयनका ने उन्हें खास तोहफा देने का एलान किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोयनका मुकुल को मर्सिडीज-बेंज मेबैक GLS गिफ्ट करेंगे, जिसकी कीमत करीब 4.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह इनाम उनकी पारी की अहमियत और प्रभाव को दर्शाता है। मुकुल ने दबाव भरे हालात में न सिर्फ एक छोर संभाले रखा, बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। उनकी इस पारी ने कोलकाता के मुंह से जीत छीन ली और उन्हें रातोंरात सुर्खियों में ला दिया।
प्लेयर ऑफ द मैच बने
मुकुल चौधरी को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि उनके पिता ने शादी से पहले ही तय कर लिया था कि उनका बेटा क्रिकेटर बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता ने कड़ी मेहनत और संघर्ष के जरिए उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें :-

