Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत समेत 7 देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी के इच्छुक; नवंबर में प्रोजैक्ट करेंगे पेश : IOC

October 7, 2026

भारत समेत 7 देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी के इच्छुक; नवंबर में प्रोजैक्ट करेंगे पेश : IOC

लुसाने : अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कहा कि भारत, जर्मनी, कतर और तुर्किये समेत 7 देशों ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी में रूचि दिखाई है और उन्हें नवंबर में ‘फ्यूचर होस्ट कमीशन’ के सामने अपने प्रोजैक्ट पेश करने के लिए बुलाया गया है। आईओसी ने कहा कि प्रोजैक्ट का आकलन कई तकनीकी पहलुओं पर किया जाएगा, जिनमें आयोजन स्थलों का मास्टर प्लान और खिलाड़ियों का अनुभव, फंडिंग को लेकर रणनीति, राजनीतिक और जनता का समर्थन, मेजबानी की क्षमता और मेजबान समुदायों को दीर्घकालिन फायदे पहुंचाने वाली विरासत रणनीति शामिल है।

आईओसी ने इन ‘प्रेजैंटेशन’ के लिए कोई निश्चत समय सीमा नहीं बताई। आईओसी ने एक बयान में कहा, इच्छुक पक्ष आईओसी से लगातार संवाद कर रहे हैं और 2036 ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा रखने वाले देश हैं : जर्मनी, हंगरी, भारत, कतर, कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये।’ इसमें आगे कहा गया, कई राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) 2036 के बाद होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी को लेकर आईओसी के साथ शुरुआती बातचीत में शामिल है।

 

इच्छुक पक्षों को नवंबर में ‘फ्यूचर होस्ट कमीशन’ के सामने अपना प्रोजैक्ट पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया है। आईओसी ने कहा कि 31 अक्तूबर के बाद 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए किसी और इच्छुक पक्ष पर विचार नहीं किया जाएगा। पहली बार ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा जताने वाले भारत ने अहमदाबाद को मेजबानी के लिए चुना है। भारत ने 2024 में ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा जताने संबंधी आशय पत्र सौंप दिया था। इसके बाद आईओसी की नई अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने मेजबान चयन प्रक्रिया रोक दी थी और कहा था कि प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सदस्य देशों से राय ली जाएगी।

आईओसी अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने कहा, मैं खुशकिस्मत थी कि मुझे चार महाद्वीपों में पांच ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला। हर ओलंपिक की अपनी अलग खासियत थी। हर मेजबान देश ने अपने लोगों, अपनी संस्कृति और खेलों के आयोजन के अपने तरीके से कुछ अनोखा पेश किया। उन्होंने कहा, लेकिन जब भी खेल होते हैं तो एक चीज कभी नहीं बदलती कि हर चीज का केंद्र खिलाड़ी होते हैं। एक खिलाड़ी होने के नाते ओलंपिक खेलने का सपना पूरा करने के लिए आप बरसों मेहनत करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें